Breaking News

2019 का चुनाव भाजपा-जदयू मिलकर लड़ेंगे : नीतीश

पटना। जदयू की महागठबंधन में इंट्री की आस लगाए बैठी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि राजग में कोई विवाद नहीं है।
2019 का चुनाव भाजपा-जदयू मिलकर लड़ेंगे। जदयू के इस बयान ने एक बात तो साफ कर दी है कि राजग में पूरी तरह से शांति है। विवाद जैसी कोई बात नहीं है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक फोन कॉल को लेकर यह कयास लगाए जा रहे थे कि राजग में सबकुछ ठीक नहीं है।
फोन कॉल को लेकर उठे विवाद के बीच ही कांग्रेस की ओर से इस बात के संकेत दिए जाने लगे थे कि यदि जदयू, भाजपा से अलग होता है तो महागठबंधन में उसकी वापसी पर विचार हो सकता है।
बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल के इस बयान के बाद कांग्रेस के कई स्थानीय नेताओं और विधायकों ने नीतीश कुमार की सराहना करते हुए महागठबंधन में उनकी वापसी के संकेत भी दिए थे।
इस बीच राजद नेतृत्व की ओर से जदयू का विरोध शुरू हो गया। राजद के इस विरोध ने कांग्रेस के लिए धर्म संकट की स्थिति पैदा कर दी। इसके बाद कांग्रेस ने अपने बयानों को थोड़ा मोड़ा।
कहा जाने लगा देश में अमन-चैन और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी वैसे तमाम लोगों से संपर्क करेगी जो सांप्रदायिक शक्तियों के विरोधी हैं।
बहरहाल यह विवाद और तूल पकड़ता इसके पहले ही जदयू ने स्थिति स्पष्ट कर दी। साफ किया कि राजग में कोई विवाद नहीं है। नीतीश कुमार और केसी त्यागी के इस बयान के बाद अब कांग्रेस ने यू टर्न लेते हुए कहा है कि नीतीश कुमार या जदयू को कांग्रेस ने कभी महागठबंधन में शामिल होने का न्योता नहीं दिया।
कांग्रेस के जिस भी विधायक या नेता ने नीतीश को लेकर जो बयान दिए वे उनके व्यक्तिगत विचार थे। पार्टी आलाकमान की ओर से कभी जदयू को लेकर कोई बयान नहीं दिया गया।
गिरिराज को मिला पार्टी का साथ
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का अपने संसदीय क्षेत्र नवादा की जेल में जाकर क्षेत्र के कुछ लोगों से मिलने को लेकर उठे विवाद पर सोमवार को उन्हें पार्टी का साथ मिल गया।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जन प्रतिनिधि होने के नाते गिरिराज सिंह का हक बनता है कि वह क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में उपस्थित रहें।
उल्लेखनीय है कि जेल में बंद हिसा के आरोपितों के परिवार वालों से रविवार को गिरिराज सिंह की मुलाकात के बाद प्रदेश में राजनीति गरमाई हुई है। क्षेत्र की जनता से मुलाकात के दौरान गिरिराज सिंह रो पड़े थे।
संबित पात्रा ने कहा कि गिरिराज सिंह जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं। अगर वह अपने क्षेत्र की जनता से मिलने जाते हैं तो इसमें गलत क्या है। 

Check Also

MP News: कर्मचारियों को 3% डीए में बढ़ोतरी! 4 माह का एरियर भी देने की तैयारी, जल्द हो सकती है घोषणा

🔊 Listen to this मध्यप्रदेश सरकार अपने 7.5 लाख कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी देने जा …