मंथन न्यूज़ दिल्ली -कपिल शर्मा शो का 100वां एपिसोड अभी टीवी पर प्रसारित किया जाना बाकी है, लेकिन उससे पहले आपको कपिल शर्मा का यह फेसबुक वीडियो जरूर देखना चाहिए जिसमें वह अपनी पूरी टीम और उसके सभी सदस्यों का शुक्रिया अदा कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने इस वीडियो में उन टीम मेंबर्स का भी शुक्रिया अदा किया है जो अब टीम के सदस्य नहीं रहे। 21 घंटे पहले सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के फेसबुक अकाउंट से पोस्ट किए गए इस वीडियो में कपिल वर्तमान में शो की स्टेज पर और बैकस्टेज काम करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा करते हैं। वह कहते हैं कि मैं उन सभी लोगों का शुक्रगुजार हूं जो इस शो का हिस्सा हैं या नहीं भी हैं।

लंबे वक्त से शो का हिस्सा रहे नवजोत सिंह सिद्धू कपिल का उतरा हुआ चेहरा देख कर कहते हैं कि मैं इसे किस्मत मानता हूं, वह कहते हैं कि यह एक ऐसा गुलदस्ता है जिसे भगवान ने बनाया है। यह इंसान के बस में नहीं है कि इतना बड़ा शो 300 एपिसोड तक लगातार चलता रहे। मेरा यह मानना है और सभी से यह इल्तिजा भी है कि भगवान के लिए इस गुलदस्ते को बिखरने मत दो। इस गुलदस्ते को इकठ्ठा रखो। इसकी खुशबू को सभी जगह फैलने दो। क्योंकि यह गुलदस्ता ना मेरा है ना तेरा है, यह पूरे हिंदुस्तान का है। कपिल के उतरे हुए चेहरे पर नवजोत के यह कहते ही थोड़ी सी रौनक आ जाती है। कहीं ना कहीं नवजोत का यह कहना कि “इतना बड़ा शो बनाना किसी एक इंसान के बस की बात नहीं है”, आपको कपिल और सुनील के उस झगड़े की भी याद दिलाता है जिसके बाद सुनील और कपिल शो से अलग हो गए थे।
याद हो कि कपिल शर्मा ने शराब पीकर सुनील ग्रोवर से फ्लाइट में कहा था कि मैं तुझे यहां तक लाया हूं, तू तो शो छोड़ कर गया था ना.. फिर क्यों आया मेरे पास। कपिल के इस बयान के बाद सुनील ने उनसे सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि कपिल खुद को भगवान समझने की भूल नहीं करें। बता दें कि इस वीडियो को पोस्ट किए जाने के बाद से 21 घंटे के अंदर इसे 2 लाख 78 हजार लोगों ने देखा है और 16 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है। वहीं अगर इस वीडियो को शेयर किए जाने की बात करें तो तकरीबन 300 लोगों ने इस वीडियो को अपने अकाउंट से शेयर किया है। हालांकि गौर करने की बात यह भी रही कि कपिल ने कहीं पर भी सुनील का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया।
Manthan News Just another WordPress site