पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ दिल्ली –इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने ट्वीट कर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोस्त कहा है. नेतन्याहू ने कहा कि इसराइल की जनता उनकी ऐतिहासिक यात्रा का बेसब्री से इंतज़ार कर रही है.
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहूदियों के त्योहार पासोवर पर नेतन्याहू को शुभकामनाएं दी थीं. यह त्योहार यहूदी लोग मिस्र में दासता से मुक्ति की याद में मनाते हैं.
इसके जवाब में इसराइली पीएम ने ट्वीट कर जवाब दिया, ”आपकी इस शुभकामना के लिए शुक्रिया मेरे दोस्त. इसराइल के लोग आपकी ऐतिहासिक यात्रा का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं.” नेतन्याहू के ट्वीट को पीएमओ ने रिट्वीट किया है.
1992 में दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध बहाल होने के बाद से किसी भी प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी. इससे पहले न्यूयॉर्क में सितंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र की महासभा में दोनों नेताओं की मुलाक़ात हुई थी. सरकार ने प्रधानमंत्री की इसराइल यात्रा की तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन इस यात्रा की तैयारी दोनों देशों के बीच जारी है.
हाल ही में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल इसराइल की यात्रा पर गए थे. डोभाल की यात्रा को दोनों देशों के बीच होने वाले समझौतों को लेकर ज़मीन तैयार करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा हैब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देशों के बीच कई सैन्य समझौतों पर हस्ताक्षर होने हैं. इनमें 1.5 बिलियन डॉलर की भारतीय सेना के लिए एंटी-टैंक मिसाइल और बराक-8 एयर डिफेंस मिसाइल डील भी शामिल है.
पिछले तीन सालों में इसराइल भारत में हथियार आपूर्ति के मामले में तीसरा बड़ा साझेदार बन गया है. मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने 2006 में इसराइल की यात्रा की थी.
उम्मीद की जा रही थी कि मोदी पीएम बनने के बाद इसराइल जाएंगे. हालांकि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 2015 में इसराइल का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने इस दौरान इसराइली संसद को भी संबोधित किया था. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी 2016 में इसराइल जा चुकी हैं
Manthan News Just another WordPress site