Breaking News

बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच में हार्दिक और जयंत पर होगी नजर

मंथन न्यूज़ —बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच में इन दोनों खिलाड़ियों पर सबकी नजरें होंगी।
हैदराबाद, प्रेट्र। हार्दिक पांड्या और दोबारा फिट हुए जयंत यादव रविवार से यहां बांग्लादेश के खिलाफ शुरू होने वाले भारत ‘ए’ के दो दिवसीय अभ्यास मैच के दौरान भारतीय टीम प्रबंधन को प्रभावित करने की कोशिश करेंगे।
Image result for hardik pandya picture
हार्दिक को इंग्लैंड के खिलाफ मोहाली टेस्ट से पहले कंधे में चोट लग गई थी। इससे उबरने के बाद वह हाल में समाप्त हुई सीमित ओवर की पूरी सीरीज में खेले थे। जयंत हाल में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के हाल में समाप्त हुए उत्तर क्षेत्र के चरण में हरियाणा के लिए खेले थे। ये दोनों ऑलराउंडर और रिजर्व सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद टेस्ट टीम के ऐसे तीन खिलाड़ी हैं जिनके प्रदर्शन पर मुशफिकुर रहीम की टीम के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान सभी का ध्यान लगा होगा। इस मैच को हालांकि आधिकारिक प्रथम श्रेणी का दर्जा नहीं मिलेगा।
ऑलराउंडर के लिए संभावना :
मुकुंद का अंतिम एकादश में जगह बनाना तभी संभव है जब लोकेश राहुल या मुरली विजय में से कोई एक चोटिल हो, लेकिन हार्दिक और जयंत के लिए यह मैच अहम होगा, क्योंकि कप्तान विराट कोहली और कोच अनिल कुंबले के इनमें से किसी एक को आलराउंडर के स्थान पर शामिल करने की संभावना है। कुछ समय के लिए सफेद गेंद से क्रिकेट खेलने के बाद दोनों गेंदबाजी में लंबे स्पेल डालने के लिए बेताब होंगे।
प्रियांक के लिए नई चुनौती :
मुकुंद के लिए रणजी सत्र काफी संतोषजनक रहा, जिससे सलामी बल्लेबाज थोड़ा सतर्क क्योंकि ऑस्ट्रेलियाई टीम के भारत दौरे के दौरान मुकुंद तीसरे सलामी बल्लेबाज के रूप में दावा पेश कर सकते हैं। रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्रियांक पांचाल पहली बार अंतरराष्ट्रीय आक्रमण का सामना करेंगे, जिसमें वह तस्कीन अहमद और शाकिब अल हसन जैसे गेंदबाजों का सामना करेंगे।
किशन, पंत और नदीम को मौका :
दो युवा खिलाड़ी इशान किशन और ऋषभ पंत के बारे में काफी चर्चा हो रही हैं। ये दोनों भी मैच खेलते हुए नजर आएंगे। बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम को भी रहीम, तमीम इकबाल और मोमीनुल हक के खिलाफ अपने कौशल को परखने का मौका मिलेगा।
जहीर के विकल्प की तलाश :
एक दिलचस्प पहलू यह होगा कि बायें हाथ के तेज गेंदबाज अनिकेत चौधरी और चामा मिलिंद कैसा प्रदर्शन करते हैं। जहीर खान के संन्यास के बाद भारत सभी प्रारूपों में बायें हाथ के तेज गेंदबाज की तलाश कर रहा है। अनुभवी आशीष नेहरा सिर्फ छोटे प्रारूप में ही खेल रहे हैं, जबकि भारत पांच दिवसीय मैचों में भी कुछ विविधता चाहता है।
टीम :
भारत ‘ए’ : अभिनव मुकुंद (कप्तान), प्रियांक पांचाल, श्रेयस अय्यर, इशांक जग्गी, ऋषभ पंत, इशान किशन (विकेटकीपर), विजय शंकर, हार्दिक पांड्या, शाहबाज नदीम, जयंत यादव, कुलदीप यादव, अनिकेत चौधरी, चामा मिलिंद और नितिन सैनी (विकेटकीपर)।
बांग्लादेश : मुशफिकुर रहीम (कप्तान और विकेटकीपर), इमरूल कायेस, तमीम इकबाल, मोमीनुल हक, महमूदुल्लाह रियाद, शब्बीर रहमान, शाकिब अल हसन, लिटन कुमार दास, तस्कीन अहमद, शुभाशीष रॉय, कमरुल इस्लाम रब्बी, सौम्य सरकार, तैजुल इस्लाम, शफीउल इस्लाम और मेहदी हसन मिरा
                                                                              पूनम पुरोहित 

Check Also

मडीखेडा डेम आधारित जलप्रदाय व्यवस्था 28 दिसम्बर तक बाधित रहेगी  

🔊 Listen to this मडीखेडा डेम आधारित जलप्रदाय व्यवस्था 28 दिसम्बर तक बाधित रहेगी   …