Breaking News

मध्यप्रदेश में कांग्रेस के सामने तीन बड़ी चुनौती

आसान नहीं वापस सत्ता-संगठन की राह

भोपाल. पंद्रह साल बाद पाई सत्ता को 15 माह में गंवाने के बाद अब कांग्रेस के सामने फिर चुनौतियों का पहाड़ सामने है। पार्टी के सामने सत्ता और संगठन की राह पर तीन स्तर की चुनौतियां हैं। इनमें संगठन में उबल रहा असंतोष संभालना, उपुचनाव में बेहतर प्रदर्शन और मजबूत विपक्ष बनकर उभरना प्रमुख है। इसके बाद ही संगठन की मजबूती से सत्ता तक की राह निकल पाएगी। जानिए, इन तीनों स्तर में किस प्रकार जूझना होगा चुनौतियों से…
1. असंतोष को संभालना
कांग्रेस के सामने सबसे पहली चुनौती पार्टी के भीतर उबल रहे असंतोष पर काबू पाना है। संगठन में गुटीय राजनीति के कारण ऐसे अनेक धड़े हैं, जिनके असंतोष व आक्रोश के कारण अलग-अलग हैं। सिंधिया खेमे की दगाबाजी को कारण मानने वाले ज्यादा है, लेकिन ऐसे भी नेता हैं, जो कमलनाथ की वर्किंग को भी सत्ता जाने का कारण मानते हैं। अनेक नेता पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को सत्ता गंवाने की वजह मानते हैं, तो ऐसे भी लोग हैं जो पार्टी में खेमेबाजी को ही सबसे बड़ी वजह मानते हैं, इसलिए इन सभी धड़ों में समन्वय बनाना सबसे जरूरी रहेगा। कांग्रेस नेतृत्व के सामने यह सबसे बड़ी चुनौती है।

2. उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन
दूसरी बड़ी चुनौती सत्ता गंवाने के ठीक बाद उपचुनावों की है। प्रदेश में 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इनमें 22 सीटें वे हैं, जहां सिंधिया के बागी विधायक रहे हैं। इनके इलाकों में कांग्रेस का संगठन बेहद कमजोर है। इस कारण इन सीटों पर नए चेहरों को सामने लाना होगा। संगठन भी नए सिरे से खड़ा करना होगा। उस पर उपचुनाव के लिए कमलनाथ को मजबूत रणनीति अपनानी होगी। कांग्रेस यदि इन उपचुनावों में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाती है, तो उसके लिए सत्ता के रास्ते फिलहाल पूरी तरह बंद हो जाएंगे। उस पर बाकी के चार साल भी पार्टी कार्यकर्ता निराश रहेंगे। वहीं, यदि पार्टी 24 सीटें ही जीत लेती है, तो वापस अभी ही सत्ता की राह निकल सकती है। उस पर सिंधिया खेमे के बागियों को हराकर हिसाब बराबर करने का मौका भी यही उपचुनाव है। कांग्रेस उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन करके अपनी साख वापस पा सकती है, लेकिन उसे भाजपा और सिंधिया खेमे दोनों से जूझना होगा।
3. मजबूत विपक्ष बनकर उभरना
कांग्रेस के सामने तीसरी महत्त्वपूर्ण चुनौती मजबूत विपक्ष बनने की है। फिलहाल कमलनाथ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं, इस कारण कांग्रेस के पास मजबूत चेहरा है। कमलनाथ के नेतृत्व में मजबूत विपक्ष व संगठन बनने का काम बेहतर तरीके से हो सकता है। विधानसभा में संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस ज्यादा कमजोर नहीं है, इसलिए मजबूत विपक्ष बनने का अवसर उसके पास है। पूर्व के पंद्रह सालों में कांग्रेस पर बार-बार यह तोहमत लगती रही है कि वह मजबूत विपक्ष नहीं रह पाती। इस तोहमत को भी कांग्रेस इस बार धो सकती है। मजबूत विपक्ष बनने की स्थिति में कांग्रेस के पास सत्ता में वापसी की राह भी आसान होगी। मजबूत विपक्ष बनने के लिए कांग्रेस को सबसे पहले खेमेबाजी से निपटकर एकता दिखानी होगी। आगे की पूरी रणनीति कांग्रेस की खेमेबाजी के दूर होने या न होने पर ही निर्भर रहेगी।

Check Also

MPPSC PCS Notification 2025: मध्य प्रदेश पीसीएस एग्जाम नोटिफिकेशन कब होगा जारी, चेक करें संभावित डेट्स

🔊 Listen to this मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से MPPSC PCS 2025 …