भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को कांग्रेेस प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाले दो साल पूरे हो गए हैं। उनके नेतृत्व में ही कांग्रेस को 15 साल बाद सत्ता का सुख प्राप्त हुआ था, लेकिन अंदरुनी कलह और बगावत के चलते ज्यादा दिनों तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार टिक नहीं पाई। ऐसे में कांग्रेस को उपचुनाव के बाद एक बार फिर प्रदेश की सत्ता पाने की उम्मीद है।
प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने शुक्रवार को उनके दो वर्ष पूरे होने पर उनके नेतृत्व क्षमता की तारीफ करते हुए पुन: सरकार बनाने की आशा जताई है। सलूजा ने एक बयान जारी कर कहा है कि आज से दो वर्ष पूर्व 1 मई के दिन ही कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की बागडोर सम्भालीं थी। उनके नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस का 15 वर्ष का वनवास ख़त्म हुआ था, प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में लौटी थी। इन दो वर्षों में कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मज़बूत किया, उनके नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने 15 माह में कई जनहितैषी कार्य किये। जिसमें किसान कर्ज़़ माफ़ी, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा-सम्मान, किसानों व आमजन को सस्ती बिजली, माफिया मुक्त-मिलावट मुक्त अभियान, प्रदेश में निवेश, पिछड़े वर्ग को 27प्रतिशत आरक्षण, हर वर्ग का उत्थान जैसे कई जनहितैषी कार्य किये।
सलूजा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने साजिश-षड्यंत्र रच, प्रलोभन का खेल रच एक जन हितैषी सरकार को गिरा दिया लेकिन भाजपा की यह साजि़श ज़्यादा दिन तक नहीं चलेगी, कांग्रेस फिर दोबारा से सत्ता में लौटेगी। प्रदेश में होने वाले उपचुनावों में कांग्रेस की विजय होगी, धोखेबाज़ों को व जनता के विश्वास का सौदा करने वालों को जनता सबक़ सिखायेगी। सलूजा ने उम्मीद व्यक्त करते हुए कहा कि कमलनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस सरकार दोबारा वापस आकर प्रदेश हित व जन हित के अधूरे कार्यों को पूरा करेगी। हम सभी कमलनाथ का कुशल नेतृत्व पाकर गौरान्वित है।
Manthan News Just another WordPress site