भोपाल, इंदौर। मध्य प्रदेश में कोरोना वैक्सीन के ट्रायल के बीच गृहमंत्री डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने बड़ा ऐलान किया है। आज मीडिया से बातचीत में डॉक्टर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कोरोना वैक्सीन के ट्रायल के लिए वे भी वालंटियर बनने को तैयार हैं।गृहमंत्री ने कहा कि वे इस बारे में आज ही डॉक्टर्स से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि हम जैसे लोग आगे आएंगे तो दूसरे लोग भी प्रेरित होंगे।
उल्लेखनीय है कि आइसीएमआर और भारत बायोटेक द्वारा तैयार की जा रही वैक्सीन का कैटेगरी 2 का ट्रायल गांधी मेडिकल कॉलेज यानि जीएमसी में किया जाना है।
बताया जाता है कि इस कैटेगरी में टीका लगवाने के बाद किसी को कोरोना संक्रमण होता है तो उसे ट्रायल से बाहर नहीं किया जाएगा। टीका लगने के बाद फोन के जरिए और अस्पताल बुलाकर लोगों का फॉलोअप लिया जाएगा। उनकी कोरोना के अलावा लिवर,किडनी और हार्ट से जुड़ी जांचें भी कराई जाएंगी।
जानकारी के अनुसार एक हजार लोगों पर यह ट्रायल किया जाना है। बता दें कि इसी वैक्सीन का पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में भी कैटेगरी एक में ट्रायल किया जा रहा है। अब तक 20 लोगों पर ट्रायल किया गया है।
इंदौर प्रतिनिधि के अनुसार सबसे पहले कोविड वैक्सीन डॉक्टर, नर्स और मेडिकल कार्य में लगे लोगों को लगाई जानी है। इंदौर से स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऐसे करीब 29 हजार लोगों का रजिस्ट्रेशन कर उनके नाम भोपाल भेजे जा चुके है। स्वास्थ्य विभाग व मेडिकल कॉलेज से जुड़े डॉक्टर फरवरी- मार्च तक इंदौर में वैक्सीन लगाई जाने की संभावना जता रहे हैं।
Manthan News Just another WordPress site