Breaking News

महाराज बाड़ा से इंटक मैदान हजीरा तक बहेगी लोकधारा

समाचार
महाराज बाड़ा से इंटक मैदान हजीरा तक बहेगी लोकधारा

  • शिवपुरी, 17 दिसंबर 2021/ संगीत की नगरी ग्वालियर में 25 से 30 दिसम्बर तक आयोजित होने जा रहे भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन समारोह” की तैयारियां जारी हैं। समारोह में इस बार नए आयाम जोड़े गए हैं। जिसके तहत ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के लोक कलाकार तानसेन समारोह की पूर्व संध्या यानि 25 दिसम्बर को भव्य कला यात्रा के रूप में महाराज बाड़ा से पैदल-पैदल चलकर गमक आयोजन स्थल यानि इंटक मैदान हजीरा पहुचेंगे। मार्ग में चार स्थानों पर अपनी लोक कलाओं का प्रदर्शन भी करेंगे। इस आशय की जानकारी संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने तानसेन समारोह की स्थानीय आयोजन समिति की बैठक में दी। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों की तरह किलागेट से भी पारंपरिक ढंग से एक कला यात्रा निकलेगी।
    मोतीमहल के मानसभागार में आयोजित हुई बैठक में संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने बताया कि ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों से विशेष वाहनों द्वारा कला जत्थे आयेंगे और फूलबाग पर 25 दिसम्बर को अपरान्ह 3 बजे इनका एकत्रीकरण होगा। इसके बाद सभी कला जत्थे महाराज बाड़ा पहुँचेंगे। महाराज बाड़ा पर सभी जिलों के कला जत्थे विक्टोरिया मार्केट परिसर में अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद पैदल – पैदल यह कला यात्रा आगे बढ़ेगी और गोपाचल पर्वत पर सभी जिलों के कला जत्थों की पुन: प्रस्तुति होगी। इसी कड़ी में फूलबाग मैदान और लोको शेड के बगल में प्लेट फार्म नं. 4 की ओर के मैदान पर लोक कलाकारों द्वारा अपनी प्रस्तुतियां दी जायेंगीं। इसके बाद कला यात्रा “गमक” आयोजन स्थल यानि इंटक मैदान हजीरा पहुँचकर तानसेन समारोह की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले उप शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रम “गमक” में शामिल होगी।

    “कला यात्रा”, श्रेष्ठ दल को मिलेंगे नगद पुरस्कार, समिति गठित
    कला यात्रा में शामिल श्रेष्ठ दल को ग्वालियर नगर निगम द्वारा नगद पुरस्कार दिए जायेंगे। दोनों संभागों के सर्वश्रेष्ठ दल को 50 हजार रूपए का नगद पुरस्कार दिया जायेगा। इसी तरह तीन लोकल बॉडी के कला दल को भी पुरस्कार दिए जायेंगे। प्रथम दल को 31 हजार, द्वितीय को 21 हजार व तृतीय स्थान पर आने वाले दल को 11 हजार रूपए का पुरस्कार नगर निगम द्वारा दिया जायेगा। श्रेष्ठ दलों को चयनित करने के लिये पाँच सदस्यीय समिति गठित की गई है। जिसमें डॉ. केशव पाण्डेय, श्री अशोक आनंद, श्री दीपक तोमर, श्री भगवानदास मणिक व श्रीमती करूणा सिंह को शामिल किया गया है।

ग्वालियर – चंबल संभाग के सभी जिलों से आयेंगे रसिक व पर्यटक
इस बार ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी जिलों से संगीत रसिक और पर्यटन प्रेमी तानसेन समारोह के दौरान ग्वालियर आयेंगे। अन्य जिलों से आने वाले कला रसिकों को टूरिज्म पैकेज के तहत तानसेन समारोह के साथ-साथ  ग्वालियर के पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कराया जायेगा। बैठक में लिए गए निर्णय के तहत तानसेन समारोह में 26 दिसम्बर को शिवपुरी व श्योपुर जिले, 27 दिसम्बर को गुना व अशोकनगर, 28 दिसम्बर को भिण्ड व दतिया, 29 दिसम्बर को मुरैना व ग्वालियर तथा 30 दिसम्बर को ग्वालियर सहित अन्य सभी जिलों के कला रसिकों को तानसेन समारोह में विशेष रूप से लाया जायेगा।

Check Also

वर्ष 2026 में 238 दिन खुले रहेंगे सरकारी कार्यालय, 127 दिन बंद

🔊 Listen to this वर्ष 2026 में 238 दिन खुले रहेंगे सरकारी कार्यालय, 127 दिन …