शिवपुरी
Published by : Akshay purohit
Dec 30, 2023
शिवपुरी, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रवीन्द्र कुमार चौधरी द्वारा जिला एवं तहसील स्तरीय उड़नदस्ता दलों को निर्देशित किया है कि 31 दिसंबर को अपने-अपने क्षेत्रातर्गत संचालित निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों के परिवहन हेतु लगे हुये वाहनों का भौतिक सत्यापन कर विद्यालयवार सूचीबद्ध करेंगे तथा प्रत्येक वाहन के दस्तावेजों (रजिस्ट्रेशन क्रमांक, वाहन का मॉडल, बीमा, फिटनेस, बैठक क्षमता, परमिट, ड्रायविंग लायसेंस) का परीक्षण कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करें।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी एवं जिला परिवहन अधिकारी शिवपुरी की संयुक्त बैठक में लिये गये निर्णय अनुसार शिवपुरी जिले में किसी भी प्रकार के अवैध वाहनों के संचालन पर वैधानिक कार्यवाही किये जाने हेतु जिला एवं तहसील स्तरीय उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। जिसके तहत जिला स्तरीय दल में संयुक्त कलेक्टर मोहम्मद युनुस कुर्रेशी, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती रंजना कुशवाह, जिला परियोजना समन्वयक विवेक श्रीवास्तव, यातायात प्रभारी रणवीर यादव को नियुक्त किया गया है। जबकि तहसील स्तरीय दल में संबंधित तहसील के नायब तहसीलदार, संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी, संबंधित क्षेत्र के बीएसी एवं परिवहन विभाग के एक कर्मचारी रहेंगे।
उक्त जिला एवं तहसील स्तरीय दल मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत अवैध रूप से वाहनों के संचालन के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही करेंगे। जिला स्तरीय दल समस्त तहसील स्तरीय दलों के पर्यवक्षण का कार्य संपादित करेगा तथा स्वयं भी अवैध वाहनों के संचालन के विरूद्ध वैधनिक कार्यवाही करेगा। समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी अपने-अपने अनुविभाग अंतर्गत जिला स्तरीय दल द्वारा कार्यवाहियों के दौरान दल के साथ उपस्थित रहेंगे। समस्त उड़नदस्ता दल प्रतिदिन की कृत कार्यवाहियों से अवगत कराना सुनिश्वित करंगे।
Manthan News Just another WordPress site