मंथन न्यूज़ धार। भगवान धारनाथ के मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि का तीन दिवसीय उत्सव शुरू हो गया है। इसके तहत मंदिर में बुधवार को भगवान को हल्दी चढ़ाई गई। मंदिर परिसर में विवाह के लिए लिहाज से वातावरण तैयार हो गया। महिलाएं गीतों पर नाच रही थी। वहीं भगवान के विवाह के लिहाज से मेहंदी भी लगाई गई।
भगवान को विशेष रूप से सजाया गया। इसके बाद दोपहर में हल्दी और मेहंदी की रस्म हुई। इस बार भगवान धारनाथ 23 फरवरी को बग्गी में विराजेंगे और उनकी शाही बारात निकलेगी। इसके लिए तैयारियां पूर्ण हो चुकी है।
प्राचीन धारेश्वर मंदिर से हजारों भक्त जुड़े हुए है। भक्तों में अभी से महाशिवरात्रि को लेकर उत्साह है। बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुई और भगवान को दुल्हे के रूप में सजाने के लिए हल्दी चढ़ाई गई। साथ ही मेहंदी की रस्म भी अदा की गई। मंदिर परिसर में भजन पर उत्साह के साथ महिलाओं ने नृत्य किया। अब सभी को 23 फरवरी का इंतजार है, जब भगवान की बारात निकलेगी।
शाही बारात का होगा जगह-जगह स्वागत
23 फरवरी को शाम 5 बजे भगवान धारनाथ की बारात निकाली जाएगी। जनभागीदारी समिति के सदस्य दिनेश सोनी ने बताया कि यह बारात भगवान धारनाथ के मंदिर परिसर से शुरू होगी, जो कि छत्री चौराहा, हटवाड़ा, रघुनाथपुरा, धानमंडी, जवाहर मार्ग होते हुए आनंद चौपाटी, एमजी रोड, राजवाड़ा पहुंचेगी।
जहां पर पंवार परिवार की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सीधे धारेश्वर मंदिर बारात पहुंचेगी। इसमें बग्गी में भगवान धारनाथ के पवित्र मुघोटे को सजाकर उसमें विराजीत किया जाएगा। जगह-जगह भगवान और उनकी बारात में शामिल भक्तों का स्वागत भी होगा।
सवा क्विंटल रबड़ी का प्रसाद चढ़ाएंगे
24 फरवरी को सुबह 4 बजे भगवान धारनाथ का भव्य अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद आरती और दर्शन का क्रम शुरू होगा। दिनभर दर्शन का क्रम जारी रहेगा। इस दौरान आरती मंडल द्वारा सवा क्विंटल रबड़ी का भोग लगाया जाएगा। साथ ही अन्य भक्तों द्वारा भी प्रसादी की व्यवस्था रखी जाएगी। जबकि 26 फरवरी को मंदिर परिसर में ही महाप्रसादी का भी आयोजन रखा गया है।
Manthan News Just another WordPress site