Delhi Assembly Election 2020 Dates: दिल्ली में 8 फरवरी को डाले जाएंगे वोट, 11 फरवरी को आएंगे नतीजे
Delhi Assembly Election 2020 Dates: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए इलेक्शन कमीशन ने तारीख की घोषणा कर दी है।
नई दिल्ली। Delhi Assembly Election 2020 Dates: दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने आज दिल्ली चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा द्वारा प्रेस कांफ्रेंस ली गई। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 8 फरवरी को चुनाव होगा। यह एक चरण में होगा। 11 फरवरी को नतीजे आएंगे। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि दिल्ली में 13 हजार 750 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे।
2020 में दिल्ली में 1 करोड़ 46 लाख 92 हजार 136 वोटर्स हो गए हैं जो चुनाव में अपने मत का प्रयोग करें। दिल्ली में 2689 जगहों पर वोटिंग की जाएगी। 90 हजार सरकारी कर्मचारी चुनाव प्रबंधन संभालेंगे। आयुक्त ने बताया कि बुजुर्ग पोस्टल बैलेट के जरिये भी वोट डाल सकेंगे। इसके लिए उन्हें 5 दिन पहले फॉर्म जमा करना होगा। उन्होंने कहा दिल्ली में आदर्श आचार संहिता तत्काल लागू हो गई है।
14 जनवरी को नोटिफिकेशन होगा। 21 जनवरी तक उम्मीदवार पर्चा दाखिल कर सकेंगे। 22 जनवरी को स्क्रूटनी होगी। इसके पूर्व चुनाव आयोग ने इसे लेकर एक के बाद एक बैठक की थी। गौरतलब है कि फिलहाल दिल्ली की सत्ता पर आम आदमी पार्टी काबिज है। इस बार राज्य में AAP और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।
AAP ने जीतीं थी 67 सीटें
दिल्ली में पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अन्य दलों का पूरी तरह से सूपड़ा साफ कर दिया था। अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आप पार्टी ने दिल्ली की 70 सीटों में से 67 सीटों पर कब्जा जमा लिया था। इस बार भाजपा AAP को यह प्रदर्शन दोहराने नहीं देना चाहेगी। इसी वजह से भाजपा ने दिल्ली में अपना चुनावी कैंपेन तेज कर दिया है। वहीं दूसरी ओर सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी सूबे की जनता के लिए कई लोक लुभावन घोषणाएं कर दी हैं।
दिल्ली चुनाव भाजपा के लिए चुनौती
लोकसभा चुनाव में बड़ी सफलता हासिल करने वाली भाजपा विधानसभा चुनाव में लगातार पिट रही है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान गंवाने के बाद हाल ही में भाजपा के हाथ से महाराष्ट्र और झारखंड की सत्ता भी जा चुकी है। ऐसे में भाजपा के लिए दिल्ली चुनाव को जीतना काफी चुनौती भरा रह सकता है। इसके बाद बिहार और पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी भाजपा को कमर कसना होगी।
Manthan News Just another WordPress site