मंथन न्यूज़ ग्वालियर –एक ही दरवाजे से दो बेटियों की विदाई हुई। बड़ी बेटी को डोली में ससुराल के लिए विदा किया गया तो चंद घंटे बाद छोटी बेटी को अर्थी पर मुक्तिधाम के लिए ले गए। रविवार को यही हृदयविदारक दृश्य था गोवर्धन कॉलोनी निवासी आरपीएफ के हेड कांस्टेबल बृजमोहन सिंह के घर पर।
शनिवार को उनकी बड़ी बेटी तनु उर्फ प्रिया की शादी थी और शादी से 6 घंटे पहले अपनी बड़ी बहन का लहंगा-चुनरी लेने एक्टिवा से गई छोटी बहन साक्षी (18) को ट्रैक्टर ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पिता व भाई ने सीने पर पत्थर रखकर रातभर बेटी की मौत की खबर बड़ी बेटी, पत्नी व दादा से छुपाए रखी। मन में खयाल था कि कहीं बड़ी बेटी की शादी न रुक जाए। शादी के समय दुल्हन तनु अपनी छोटी बहन के बारे में बार-बार पूछती रही पर पिता अपना दर्द उससे छिपाते रहे।
… तब टूट गया पिता का सब्र
रात भर बृजमोहन सिंह ने किसी तरह पत्नी व बड़ी बेटी तनु से झूठ बोला। बेटी के शव को निजी अस्पताल में सुरक्षित रखवाकर वह ऐसे बर्ताव करते रहे कि जैसे कुछ हुआ ही नहीं है। जब पत्नी ने साक्षी के बारे में कई बार पूछा तो उन्हें सिर्फ इतना बताया कि उसका मामूली एक्सीडेंट हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। वो ठीक है। उनकी बड़ी बेटी तनु भी शादी से लेकर फेरों और विदाई तक साक्षी के बारे में पूछती रही, पर पिता ने कुछ नहीं बताया। आंख से एक आंसू तक नहीं बहाया। जब बड़ी बेटी की विदाई हो गई। उसके बाद जब पत्नी ने साक्षी को देखने चलने को कहा तो बृजमोहन सिंह का सब्र जवाब दे गया। उन्होंने पत्नी को बताया कि उसकी बेटी दुनिया छोड़कर चली गई है।
बहन को अब तक नहीं पता कि हमेशा के लिए छूट गया है साथ
साक्षी मुरार गर्ल्स कॉलेज से बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। 18 फरवरी को उसकी बड़ी बहन तनु की गोला का मंदिर स्थित वेलकम गार्डन से शादी थी। थाटीपुर से बारात रात 11 बजे आनी थी। शाम 4.30 बजे साक्षी एक्टिवा से लहंगा लेने जा रही थी, तभी गोला का मंदिर चौराहा पर शुलभ कॉम्प्लेक्स के सामने उसे बेकाबू ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इसके बाद अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। तनु को सिर्फ इतना ही बताया गया कि उसकी बहन का एक्सीडेंट हुआ है। विदा होने के बाद और ससुराल पहुंचने के बाद भी उसे यह नहीं पता चलने दिया कि साक्षी का साथ उससे हमेशा के लिए छूट गया है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
मुझसे क्यों रूठ गई लाड़ो
साक्षी घर में सबसे छोटी थी। रविवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जब साक्षी का शव लेकर परिजन घर पहुंचे तो मां ने बेटी के शव को गले लगा लिया। भाई शिवम भी बहन के शव से लिपट गया। मां बार-बार पूछ रही थी-लाड़ो मुझसे क्यों रूठ गई। कहां चली गई हमें छोड़कर।
पूनम पुरोहित
Manthan News Just another WordPress site