Manthannews Live Updates : मध्य प्रदेश में सियासी घमासान के बीच शनिवार सुबह उमरिया जिले के बांधवगढ़ स्थित भाजपा विधायक संजय पाठक के रिसोर्ट पर जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। इस दौरान यहां कलेक्टर स्वरुचि सोमवंशी वहां खुद मौजूद रहीं। लगभग 2 एकड़ एरिया में अतिक्रमण की जानकारी सामने आ रही है। इसके पहले सरकार ने विधायक पाठक की जबलपुर के पास सिहोरा की खदान बंद करवाई थी। इसके बाद आरोप लग रहा है कि ये बदले की कार्रवाई की जा रही है। उधर निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा आज भोपाल पहुंचेंगे और सीएम कमलनाथ के साथ मुलाकात करेंगे। शेरा चार दिन से परिवार के साथ बेंगलुरु में थे। इसके पहले उन्होंने बयान दिया था कि वे कमलनाथ सरकार के साथ खड़े हैं। मध्य प्रदेश में पांच दिनों से चला आ रहा शह-मात का खेल जारी है। प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के लिए भोपाल से लेकर दिल्ली तक सियासत गर्म है। कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग के इस्तीफे पर अड़े रहने से सियासी संकट और भी गहरा गया है। इस सियासी तूफान के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अगले दो दिनों के अपने सारे कार्यक्रम कैंसिल कर दिए हैं। संकट से निपटने के लिए कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह प्रबंधन में जुटे हैं। इस बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया की चुप्पी रहस्यमय बनी हुई है। उधर, शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में भी सरकार को लेकर तनाव दिखा। मंत्रियों के सुझाव पर चर्चा बाद में करने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। उधर भाजपा के बड़े नेताओं की दिल्ली में बैठक हुई। इस बीच गायब विधायक अभी तक नहीं लौटे हैं। मध्य प्रदेश के इस सियासी घटनाक्रम से जुड़ी हर जानकारी पढ़िए यहां…
10:20 AM
विधायक संजय पाठक के रिसोर्ट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
मध्य प्रदेश में सियासी घमासान के बीच शनिवार सुबह उमरिया जिले के बांधवगढ़ स्थित भाजपा विधायक संजय पाठक के रिसोर्ट पर जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। इस दौरान यहां कलेक्टर स्वरुचि सोमवंशी वहां खुद मौजूद रहीं। लगभग 2 एकड़ एरिया में अतिक्रमण की जानकारी सामने आ रही है। इसके पहले सरकार ने विधायक पाठक की जबलपुर के पास सिहोरा की खदान बंद करवाई थी। इसके बाद आरोप लग रहा है कि ये बदले की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि 11 रिसोर्ट की जांच के बाद 12 फरवरी को कार्रवाई के लिए आदेश जारी किया गया था। यहां 2.001 हेक्टेयर वन भूमि पर अवैध कब्जा बताया गया है। सबसे ज्यादा अवैध कब्जा यहीं बताया जा रहा है। इसमें चरण गंगा नदी का फ्लो रोककर गेट बनाने का भी बात सामने आई है।
भाजपा बिगाड़ सकती है समीकरण
राज्य सरकार का समर्थन कर रहे निर्दलीय विधायक सबसे कमजोर कड़ी बताए जा रहे हैं। यदि इनमें से एक भी विधायक को तोड़ने में सफल होती है, तो भाजपा की शक्ति में इजाफा हो जाएगा। वर्तमान में कांग्रेस 114 विधायक के साथ सत्ता में है, तो भाजपा के 107 विधायक हैं। बसपा के दो, सपा का एक और चार निर्दलीय विधायक हैं।
08:30 AM
बसपा उपचुनाव में कांग्रेस के खिलाफ ठोकेगी ताल
कमलनाथ सरकार को बाहर से समर्थन दे रही बसपा आगामी उपचुनाव में जौरा एवं आगर में कांग्रेस के खिलाफ प्रत्याशी उतारने की तैयारी भी कर रही है। इन दोनों सीटों पर बसपा ने चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। उपचुनाव को लेकर बसपा ने चुनावी सर्वेक्षण भी करा लिया है। विधानसभा चुनाव में जौरा से कांग्रेस के बनवारी लाल शर्मा और आगर में मनोहर ऊंटवाले जीते थे। दोनों का निधन हो चुका है।
07:33 AM
मध्य प्रदेश में कैबिनेट विस्तार का संकेत
कमलनाथ सरकार सियासी संकट को टालने के लिए जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है। ऐसे संकेत मिले हैं कि सभी मंत्रियों को आठ मार्च को भोपाल में रहने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि निर्दलीय और सपा-बसपा और कांग्रेस के नाराज विधायकों को साधने के लिए कमलनाथ नए सिरे से कैबिनेट की शपथ करवा सकते हैं। शुक्रवार को कैबिनेट विस्तार के नजरिए से मंत्रियों ने इस्तीफा देने की पेशकश की थी।