शिवपुरी। शहर में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अवैध उपयोग पर लगाम कसते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने शनिवार को एक डीजे जब्त किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर की गई। डीजे आम रोड पोहरी चौराहे के पास एक बारात में निर्धारित मानकों से अधिक तेज आवाज में बजाया जा रहा था, जिससे आमजन को भारी असुविधा हो रही थी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आम रोड पर एक बारात में डीजे अत्यधिक शोर के साथ बजाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह राठौड़ ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। जांच में पाया गया कि नंदकिशोर कुशवाहा नामक युवक अपने लोडिंग वाहन (क्रमांक MP33 L 2576) में डीजे ट्रोला लगाकर अत्यधिक तेज ध्वनि में संगीत चला रहा था। इससे राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को असहनीय परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने मौके से आरोपी नंदकिशोर कुशवाहा व वाहन चालक आदेश रजक के विरुद्ध मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 15 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। साथ ही लोडिंग वाहन सहित डीजे को जब्त कर थाना परिसर में रखा गया है।
Manthan News Just another WordPress site