शिवपुरी में शुक्रवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। करीब 3 बजे के आसपास तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गए और कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली।
बीते कई दिनों से जिले में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जिससे आमजन बुरी तरह बेहाल था। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता था और लोग घरों से निकलने से बच रहे थे। लेकिन शुक्रवार को मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को राहत की सांस दी।
शहर में करीब 3 बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और कुछ ही देर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कुछ इलाकों में हल्की फुहारें भी पड़ीं, जिससे गर्मी से राहत महसूस हुई। हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई, लेकिन आसमान में छाए बादलों ने मौसम को सुहाना बना दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय हवाओं के कारण जिले में अगले एक-दो दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम के इस बदलाव से किसानों को भी राहत मिली है, जो लगातार खेतों में सूखे जैसी स्थिति से परेशान थे। यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होती है, तो खरीफ की फसल की तैयारी करने वाले किसानों को काफी फायदा होगा।
Manthan News Just another WordPress site