भोपाल। भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश कार्यकारिणी एवं कुछ जिलाध्यक्ष जल्द ही बदल दिए जाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने पार्टी पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को संकेत दिए कि लोकसभा चुनाव के नजरिए से संगठन में फेरबदल किया जाएगा। सभी लोग मानसिक रूप से तैयार रहें। इसके लिए उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह को अधिकृत किया।
गौरतलब है कि प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने नियुक्ति के बाद नई टीम नहीं बनाई है। वे पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की टीम के साथ ही काम कर रहे हैं। पार्टी ने लोकसभा चुनाव प्रभारियों, संयोजकों और जिलाध्यक्षों को दो मार्च तक के कार्यक्रम भी सौंप दिए हैं। इस दौरान भाजपा का घर-घर अभियान भी चलाया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आठ फरवरी को भोपाल दौरे के जवाब में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सागर में 10 फरवरी को आ सकते हैं।
रामलाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने सामान्य वर्ग के लोगों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण दिया है, राम जन्मभूमि विवाद में हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से अविवादित भूमि दिए जाने का आग्रह किया है। हमें सरकार के इन कामों को निचले स्तर तक ले जाना है। इतिहास गवाह है, कांग्रेस हमेशा झूठ का सहारा लेती रही है। कांग्रेस झूठी है, उसके नेता झूठे है। उसकी घोषणाओं, योजनाओं पर भी भरोसा नहीं किया जा सकता। कांग्रेस का यह यथार्थ आम लोगों को बताएं और समझाएं।
Manthan News Just another WordPress site
