पटेल-कुर्मी समाज के दिग्गजों ने थामा भाजपा का दामन, पूर्व गृहमंत्री डॉ. मिश्रा की मौजूदगी में ली सदस्यता
दतिया 5 जून 2026 । भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सांगठनिक मजबूती अभियान के तहत दतिया में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है। उपचुनाव के मद्देनजर राजनैतिक सरगर्मियों के बीच, पटेल और कुर्मी समाज के प्रमुख दिग्गजों ने भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस बड़े राजनैतिक घटनाक्रम को क्षेत्र में भाजपा के एक बड़े शक्ति प्रदर्शन और चुनावी रणनीति के अहम हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, दतिया स्थित पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के माई कृपा निवास पर पटेल एवं कुर्मी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में डॉ. मिश्रा ने समाज के प्रबुद्धजनों और वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति में पटेल-कुर्मी समाज के कई प्रमुख चेहरों ने विधिवत भाजपा का दामन थामा।
वॉक्स:-
विकास कार्यों से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं लोग: डॉ. मिश्रा
भाजपा परिवार में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी रीति-नीति और डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार समाज के हर वर्ग के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। पटेल और कुर्मी समाज के प्रबुद्धजनों के आने से क्षेत्र में संगठन को एक नई ऊर्जा और अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।
वॉक्स:-
उपचुनाव से पहले मजबूत हुई घेराबंदी
बैठक के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने भी नवागंतुक सदस्यों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पार्टी में उचित मान-सम्मान का भरोसा दिलाया। राजनैतिक विश्लेषकों की मानें तो आगामी दतिया उपचुनाव से ठीक पहले पटेल-कुर्मी समाज के इस बड़े धड़े का भाजपा में शामिल होना विपक्षी खेमे के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है, वहीं भाजपा ने इस कदम से अपनी जमीनी पकड़ को और पुख्ता कर लिया है।
Manthan News Just another WordPress site