
दतिया (नवल यादव) : विधानसभा उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद भी पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार चुनावी मैदान में सक्रिय हैं। दूसरी बार दतिया पहुंचे डॉ. मिश्रा ने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि नाराजगी भाजपा से नहीं, बल्कि कांग्रेस से राजनीतिक मुकाबले में दिखाई जानी चाहिए। साथ ही प्रशासन को भी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी में हिम्मत नहीं है जो उनके कार्यकर्ताओं का नुकसान कर सके।
दतिया पहुंचे पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि मंच पर कार्यकर्ताओं की भावनाएं देखकर वे भी भावुक हो गए थे, लेकिन अब समय संगठन को मजबूत करने का है। उन्होंने कहा कि भाजपा से किसी तरह की नाराजगी नहीं है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरना होगा। डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को हराने और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने पीतांबरा माई की शपथ दिलाते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान कराने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जवाब भाजपा को नहीं, कांग्रेस को देना है।
अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे हमेशा अपने साथियों के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता के साथ अन्याय हुआ या प्रशासनिक कार्रवाई की गई तो वे उसके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि “किसी में हिम्मत नहीं है जो मेरे कार्यकर्ताओं का नुकसान कर दे।”
बैठक में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी कार्यकर्ता को प्रशासनिक कार्रवाई के कारण परेशानी होती है तो वे हर परिस्थिति में उसके साथ खड़े रहेंगे और कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का यह दौरा साफ संकेत देता है कि टिकट नहीं मिलने के बावजूद वे दतिया उपचुनाव में भाजपा के लिए पूरी ताकत से मैदान में हैं। कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने, कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति के तहत उनकी सक्रियता अब लगातार बढ़ती नजर आ रही है।
Manthan News Just another WordPress site