इनर व्हील क्लब ऑफ शिवपुरी एवं ईस्टर्न हाइट्स पब्लिक स्कूल द्वारा “रेनी डे सेलिब्रेशन” का आयोजन
इनर व्हील क्लब ऑफ शिवपुरी एवं ईस्टर्न हाइट्स पब्लिक स्कूल, शिवपुरी के संयुक्त तत्वावधान में “रेनी डे सेलिब्रेशन” का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर इको-फ्रेंडली फ्रेंडशिप बेल्ट प्रतियोगिता, पर्यावरण विषय पर कविता प्रतियोगिता, रेनी डे प्रतियोगिता एवं इको साइंस प्रदर्शनी आयोजित की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नीलम अरोड़ा का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 80 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने, वर्षा जल संचयन (वॉटर हार्वेस्टिंग), जल संरक्षण तथा पानी की बर्बादी रोकने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। पर्यावरण विषय पर कविता प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। वहीं इको-फ्रेंडली फ्रेंडशिप बेल्ट प्रतियोगिता में पर्यावरण हितैषी सामग्री से सुंदर एवं अभिनव फ्रेंडशिप बेल्ट तैयार कर अपनी सृजनात्मकता का परिचय दिया। रेनी डे प्रतियोगिता में बच्चों ने वर्षा ऋतु से जुड़े आकर्षक परिधानों, प्रस्तुतियों एवं गतिविधियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान जूनियर बच्चों के लिए स्विमिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने बारिश के गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। सभी प्रतिभागी बच्चों को स्विमिंग गॉगल्स उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।
इस अवसर पर क्लब की पदाधिकारी एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को गमलों में लगे पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
क्लब अध्यक्ष संगम अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मक सोच, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Manthan News Just another WordPress site