राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य मे छात्रों ने समझा पुलिस का कामकाज एसएमएस पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया फिजिकल थाना का भ्रमण।
शिवपुरी 30 अक्टूबर 2026 । शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर (एसएमएस) महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को फिजिकल थाना पहुंचकर पुलिस की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। छात्र-छात्राओं ने थाने के एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया और मामलों की विवेचना (जांच) साइबर फ्रॉड, सीसीटीएनएस सिस्टम के तरीकों को बारीकी से समझा।
इस दौरान फिजिकल थाना प्रभारी अविनाश सिंह राठौड़ एवं थाने के स्टाफ ने विद्यार्थियों को पुलिस की दैनिक कार्यशैली से अवगत कराया। थाना प्रभारी ने छात्र छात्राओं को बताया कि थाने में शिकायत दर्ज होने से लेकर प्राथमिकी (एफआईआर) की पूरी प्रक्रिया किस प्रकार पूरी की जाती है। इसके साथ ही उन्होंने अपराधों के साक्ष्य जुटाने (विवेचना) और न्यायालय में चालान पेश करने की वैधानिक कार्यप्रणाली एवं सीसीटीएनएस सिस्टम तथा साईबर फ्रॉड बारे में विस्तार से जानकारी दी।
थाना प्रभारी अविनाश सिंह राठौड़ ने कहा, “आज साइंस कॉलेज के छात्र थाने की कार्यप्रणाली को समझने आए थे। हमारे द्वारा और स्टाफ के माध्यम से सभी विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन के बुनियादी दायित्वों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया है।
इस शैक्षणिक दौरे के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के मन में पुलिस महकमे को लेकर उठने वाले विभिन्न सवालों और शंकाओं का समाधान भी किया। छात्रों ने पुलिस स्टाफ द्वारा दी गई जानकारियों पर आभार जताया और इस भ्रमण को बेहद ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।
Manthan News Just another WordPress site