Breaking News

युगांडा में बोले पीएम मोदी, जल्द आपके पास होगा मेड इन इंडिया स्मार्टफोन

कंपाला। तीन अफ्रीकी देशों की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात युगांडा में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इससे पहले प्रधानमंत्री ने यहां भारत के पूर्व गृहमंत्री सरदार पटेल की प्रतिमा का भी अनावरण किया। पीएम जैसे ही भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाना शुरू कर दिए।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे बीच श्रम का रिश्ता है, शोषण के खिलाफ संघर्ष का रिश्ता है। युगांडा विकास के जिस मुकाम पर आज खड़ा है, उसकी बुनियाद मजबूत कर रहे युगांडा वासियों के खून-पसीने में भारतीयों का भी बहुत बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री का युगांडा के पार्लियामेंट को सम्बोधित करने का अवसर मिलेगा। इस सम्मान के लिए मैं राष्ट्रपति जी का और युगांडा की जनता का सवा सौ करोड़ भारतीयों की तरफ से आभार व्यक्त करता हूं।
मेक इन इंडिया को लेकर पीएम बोले कि मेक इन इंडिया आज भारत की पहचान बन गया है। भारत में बनी कार और स्मार्टफोन समेत अनेक चीजें आज उन देशों को बेच रहे हैं जहां से कभी हम ये सामान आयात करते थे। भारत तेजी के साथ दुनिया के लिए मेन्यूफैक्चरिंग हब बनता जा रहा है। जल्द आपके यहां भी मेड इन इंडिया स्मार्टफोन मिलने लगेंगे।
पीएम ने आगे कहा कि इंटरनेशनल सोलर आलयंस का सदस्य बनने के लिए मैंने अफ्रीका के सभी देशों को आग्रह किया था। और मेरे आव्हान के बाद आज सदस्य देशों में लगभग आधे देश अफ्रीका के हैं। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी अफ्रीका के देशों से एक स्वर में भारत का समर्थन किया है।
पीएम मोदी का हुआ पारंपरिक स्वागत
इससे पहले युगांडा पहुंचे पीएम मोदी का स्वागत पारंपरिक अंदाज में किया गया। पीएम ने युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी से मुलाकात की। दोनों नेता प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में भाग लिया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि मेरा राष्ट्रपति मुसेवनी के साथ पुराना रिश्ता, 2007 में मैं गुजरात के सीएम के तौर पर युगांडा आया था।
भारत युगांडा को अत्याधुनिक कैंसर थेरेपी मशीन गिफ्ट करेगा। इसके साथ ही युगांडा की सेना और सिविल कामों के लिए भारत देगा कई वाहन और ऐम्बुलेंस भी देगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय मूल का समाज युगांडा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
वहीं युगांडा के राष्ट्रपति ने कहा कि आज की बातचीत में ट्रेड, इन्वेस्टमेंट और पर्यटन के बारे में बात हुई। उन्होंने कहा कि युगांडा एयरलायंस की मुंबई के लिए विमान सेवा शुरू करने में पीएम मोदी मदद करें।महात्मा गांधी भारत के एक राष्ट्रवादी और स्वतंत्रता सेनानी थे, उन्होंने अफ्रीका में भी रंगभेद के विरोध में आंदोलन किया था। जवाहरलाल नेहरू ने हमारे देश की आजादी की लड़ाई का समर्थन किए थे। भारत और युगांडा ने कई समझौतों पर दस्तखत भी किए।

Check Also

महाकुंभ भगदड़ में ग्वालियर के कामता की मौत, नहीं मिली एंबुलेंस, पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा की मदद से शव पहुंचा घर – 

🔊 Listen to this महाकुंभ भगदड़ में ग्वालियर के कामता की मौत, नहीं मिली एंबुलेंस, …