Breaking News

2019 Lok Sabha Elections: भाजपा ने सभी राज्यों से रिपोर्ट तैयार करने को कहा

नई दिल्ली। 2019 की बड़ी लड़ाई में जुटी भाजपा ने जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी ने सभी राज्यों से रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। गुरुवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और जम्मू एवं कश्मीर के भाजपा सांसदों के साथ बैठक हुई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के सांसदों को यह भरोसा दिलाया कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने जमीन पर बदलाव लाया है। जनता भाजपा के साथ खड़ी है। इसके साथ ही भाजपा अध्यक्ष ने सांसदों को खुद से भी रिपोर्ट तैयार करने को कहा है।
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष की ओर से भ्रम फैलाया जा रहा है। झूठे तथ्यों को पेश कर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं को जहां तथ्यों के साथ इसका जवाब देना है वहीं जमीनी हालात की रिपोर्ट भी तैयार करनी है।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रदेशों का दौरा करते वक्त भी यह निर्देश दिया गया था कि सभी प्रदेश इकाई पार्टी और गठबंधन के सहयोगियों की मजबूती और कमजोरी की रिपोर्ट तैयार रखें। उसी समय ऐसे दलों और नेताओं के बारे में भी आकलन करने को कहा गया था जो राजग के साथ आ सकते हैं।
गुरुवार की बैठक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर हुई। इसी क्रम में अलग-अलग राज्यों के सांसदों के साथ चर्चा हुई। अगली बैठक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांसदों के साथ की जानी है।

Check Also

MPPSC PCS Notification 2025: मध्य प्रदेश पीसीएस एग्जाम नोटिफिकेशन कब होगा जारी, चेक करें संभावित डेट्स

🔊 Listen to this मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से MPPSC PCS 2025 …