*समाचार*
*‘मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना’ के तहत शिवपुरी से रामेश्वरम् धाम के लिए रवाना होगी विशेष ट्रेन; 196 वरिष्ठ नागरिक करेंगे तीर्थ यात्रा*
शिवपुरी, 14 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत शिवपुरी जिले के चयनित वरिष्ठ नागरिकों के लिए रामेश्वरम् धाम की विशेष तीर्थ यात्रा ट्रेन 15 नवंबर 2026 (रविवार) को शाम 04 बजे शिवपुरी रेलवे स्टेशन से 196 तीर्थ यात्रियों को लेकर रामेश्वरम् के लिए रवाना होगी। यह विशेष रेलगाड़ी भिण्ड जिले से प्रारंभ होकर शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिले के यात्रियों को लेकर रामेश्वरम् धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा सभी तीर्थ यात्रियों की मंगलमय एवं सुखद तीर्थ यात्रा की कामना करने के साथ-साथ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यात्रियों से आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
*तीर्थ यात्रा की रूपरेखा और रूट*
यह विशेष तीर्थ ट्रेन शिवपुरी जिले के कुल 196 चयनित वरिष्ठ नागरिकों को लेकर दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल रामेश्वरम् धाम की यात्रा पर जाएगी। जिले के सभी चयनित यात्रियों में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर ट्रेन के आवागमन और यात्रियों की सुविधाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
*यात्रियों के लिए परियोजना अधिकारी के निर्देश एवं आवश्यक सावधानियां*
परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण द्वारा सभी तीर्थ यात्रियों के मार्गदर्शन हेतु महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और सावधानियां जारी की गई हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है। जिसमें सभी यात्री अपना मूल पहचान-पत्र जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड अथवा शासन द्वारा मान्य कोई अन्य फोटो पहचान-पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखें। यदि कोई यात्री किसी नियमित बीमारी (जैसे बी.पी., शुगर, हृदय रोग आदि) से ग्रसित है, तो वह पर्याप्त मात्रा में अपनी दवाइयाँ और डॉक्टर का पर्चा अपने पास रखे। मौसम के अनुकूल सामान्य कपड़े, एक चादर/बेडशीट, छोटा तौलिया, कंबल तथा साबुन, टूथब्रश, टूथपेस्ट, कंघी और शेविंग किट साथ रखें। आपातकालीन स्थिति में संपर्क के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य का नाम, पता और मोबाइल नंबर पर्ची पर लिखकर अपनी जेब या बैग में रखें। यात्रा के दौरान अधिक मात्रा में नकदी या सोना, चांदी तथा अन्य कीमती आभूषण पहनकर या साथ लेकर यात्रा न करें।
*सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े निर्देश*
प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि यात्रा के दौरान सभी यात्री ट्रेन इंचार्ज, लाइजनिंग ऑफिसर (संपर्क अधिकारी), डॉक्टर एवं एस्कॉर्ट दल के निर्देशों का पूर्ण पालन करें। किसी भी नए स्थान या मंदिर परिसर में अकेले न जाएं और हमेशा अपने निर्धारित समूह या अनुरक्षक के साथ रहें। यदि यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या उत्पन्न होती है, तो तुरंत साथ चल रही मेडिकल टीम या डॉक्टर को सूचित करें।
*स्टेशन पर समय से उपस्थिति और दिशा-निर्देश*
परियोजना अधिकारी ने सभी चयनित यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन छूटने के निर्धारित समय (दोपहर 02 बजे) से कम से कम 2 घंटे पूर्व रेलवे स्टेशन पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि सुगमता से बोर्डिंग और अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा सकें। जिला प्रशासन ने सभी बुजुर्ग यात्रियों की यात्रा के मंगलमय और आनंददायक होने की कामना की है।
Manthan News Just another WordPress site