Breaking News

भाजपा में बढ़ी नाराजगी: रावत बंधुओं ने विधायक महेन्द्र यादव पर लगाए गंभीर आरोप, इस्तीफे की चेतावनी

शिवपुरी। नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा को लेकर पार्टी में मचे घमासान के बीच अब जिला पंचायत स्तर पर भी भाजपा में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। बुधवार को कोलारस के वरिष्ठ भाजपा नेता यशपाल रावत और उनके भाई भूपेन्द्र रावत ने कोलारस विधायक महेन्द्र यादव और उनकी पुत्री जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव के खिलाफ सर्किट हाउस में जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव से चर्चा की।

रावत बंधुओं ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है और ईमानदार कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है। यशपाल रावत ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब बनवाए, लेकिन उनका भुगतान रोक दिया गया। वहीं आरईएस की बनाई सड़कों का पैसा विधायक के दामाद ने निकाल लिया। इसके अलावा सिंध नदी के 15 घाटों पर अवैध रेत खनन की बात भी कही गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि कोलारस में जो भी शिकायत करता है, उसे प्रताड़ित किया जाता है। विधायक के प्रभाव के कारण पार्टी की बातें केंद्रीय नेतृत्व तक नहीं पहुंच पा रही हैं। रावत बंधुओं ने कहा कि उन्होंने कई बार सिंधिया जी से मिलने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत तक नहीं हो सकी। यहां तक कि पारिवारिक दुख में भी सिंधिया जी की ओर से कोई संवेदना व्यक्त नहीं की गई।

गंभीर नाराजगी जाहिर करते हुए रावत बंधुओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द हालात नहीं सुधरे और उनकी बात नहीं सुनी गई, तो वे जिला पंचायत के छह सदस्यों के साथ पार्टी से इस्तीफा देने पर मजबूर होंगे।

Check Also

राजनीतिक नियुक्तियां: ज्योतिरादित्य सिंधिया की जिद, 5 पद तो देने होंगे

🔊 Listen to this MP Political Appointments: एमपी बीजेपी नगर निकायों में एल्डरमैन की पहली …