नई दिल्ली: पेट्रोल डीजल की कीमतों में शनिवार को एक बार फिर गिरवाट आई है। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के दाम में 32 पैसे और डीजल में 40 पैसे प्रति लीटर की कटौती दर्ज की गई। जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमतें 75.25 रुपए प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गई। ये स्तर पांच महीनों में सबसे निचला स्तर है। इससे पहले 6 जून को दिल्ली में पेट्रोल 75.55 रुपए मिल रहा था।
वहीं कीमतों में गिरावट के बाद दिल्ली में डीजल का भाव 70.16 रुपए प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है। ये भाव भी लगभग तीन महीनों में सबसे निचला स्तर है। इससे पहले 1 सितंबर को दिल्ली में डीजल का भाव 70.42 रुपए प्रति लीटर था।
वहीं कोलकाता और मुंबई में पेट्रोल के दाम में 31 पैसे प्रति लीटर और चेन्नई में 34 पैसे प्रति लीटर की कमी आई है। डीजल कोलकाता में 40 पैसे, मुंबई में 43 पैसे और चेन्नई में 42 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में शनिवार को पेट्रोल के भाव क्रमश: 75.25 रुपए, 77.22 रुपए, 80.79 रुपए और 78.12 रुपए प्रति लीटर दर्ज किए गए।
चारों महानगरों में दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई डीजल की कीमतें क्रमश: 70.16 रुपए, 72.01 रुपए, 73.48 रुपए और 74.13 रुपए प्रति लीटर दर्ज की गईं। गौरतलब है कि दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल के भाव 4 अक्टूबर को सर्वाधिक उंचाई पर पहुंच गए थे। इस दिन दिल्ली में पेट्रोल 84 रुपए प्रति लीटर और मुंबई 91.34 रुपए प्रति लीटर था। डीजल का भाव 4 अक्टूबर को दिल्ली में 75.45 रुपए और मुंबई में 81.10 रुपए हो गया था।