भोपाल। मध्यप्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच कमलनाथ सरकार बदले की कार्रवाई पर उतारू हो गई है। भाजपा विधायकों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। शनिवार सुबह संजय पाठक के रिसोर्ट पर बुलडोजर चला दिया गया, जबकि देर रात अरविंद भदौरिया के घर पुलिस भेजी गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कमलनाथ सरकार द्वारा पार्टी के विधायकों पर चुन-चुनकर जुल्म किए जाने के विरोध में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि भाजपा एक परिवार है और परिवार के किसी भी सदस्य पर होने वाला अत्याचार पूरी पार्टी पर आघात है, इसे सहन नहीं किया जा सकता।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कमलनाथ किसी भ्रम में न रहे। चाहे नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव हो, पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह हो, राजेन्द्र शुक्ला हो, डॉ. नरोत्तम मिश्रा हो, संजय पाठक हो, विश्वास सारंग हो, डॉ. अरविन्द भदौरिया हो, प्रदीप पटेल हो या प्रदीप लारिया हो यह सभी विधायक पार्टी परिवार के अत्यंत महत्वपूर्ण और सम्मानीय अंग हैं। कमलनाथ सरकार का यह हमला इन विधायकों पर नहीं हमारे पूरे परिवार पर है। अगर सरकार को ऐसा लगता है कि मध्यप्रदेश में लोकतंत्र नहीं तानाशाह का राज है तो उसकी गलतफहमी को जल्दी ही दूर कर दिया जायेगा।
अच्छा होगा मुख्यमंत्री अपनी कुटिल चालों को बंद करें और लोकतंत्र में जनता के हित में उठने वाली राजनैतिक विरोधियों की आवाज को भी सम्मान दें। आज वे जिस तरह से प्रशासन के दम पर प्रदेश भर में भाजपा के लोगों की सम्पत्तियां नष्ट करके और उन्हें पुलिस के द्वारा धमकी देकर डराना चाहते है, इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे।
Manthan News Just another WordPress site