Breaking News

कोई भी अपराधी मध्य प्रदेश की धरती पर शरण नहीं ले पाएगा, हम उसे भून देंगे। -गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा

कोई भी अपराधी मध्य प्रदेश की धरती पर शरण नहीं ले पाएगा, हम उसे भून देंगे। यह बात प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार को जबलपुर में पत्रकारों से चर्चा के दाैरान कही। गृह मंत्री मिश्रा ने आगे कहा कि प्रदेश में 15 साल पहले (दिग्विजय सिंह का कार्यकाल) एक दौर था, जब पूरे प्रदेश में अशांति थी। ग्वालियर चंबल में रामबाबू दयाराम गड़रिया गिरोह, मुरैना में जगजीवन परिहार गिरोह सक्रिय था। रीवा, सतना, चंबल, दतिया में भी डाकुओं के कारण अशांति थी। मालवा सिमी का गढ़ था, बालाघाट में नक्सल गतिविधियां हावी थीं। जहां दिग्विजय सिंह सरकार में परिवहन मंत्री रहे लिखीराम कांवरे की नक्सलियों ने घर में घुसकर हत्या कर दी थी। अब एक यह दौर है जब प्रदेश में एक भी चिन्हित डाकू नहीं। सिमी का नेटवर्क ध्वस्त किया जा चुका है। नक्सल गतिविधियों पर विराम हमारा अभियान है। मध्य प्रदेश को शांति का टापू बनाने की कोशिश की जा रही है। मिलावट पर कसावट लाने अभियान भी चलाया जा रहा है। भू माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी है।गृहमंत्री नरोत्तम ने कहा कि विधानसभा के आगामी सत्र में धर्म शासन विधेयक बिल पास होगा। विधान सभा अध्यक्ष का चुनाव होगा।

प्रदेश में सबसे भ्रष्ट रही कमलनाथ सरकार: गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ सरकार सबसे भ्रष्ट सरकार रही। वल्लभ भवन भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया था। पहली बार ऐसा हुआ जब संवैधानिक संस्था निर्वाचन आयोग को कमलनाथ सरकार में रहे तीन आइपीएस अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए लिखना पड़ा। दिग्विजय सिंह माइनिंग माफिया हैं ऐसा उनकी सरकार में मंत्री रहे उमंग सिंघार ने कहा था। उन्होंने दिग्विजय को सबसे बड़ा शराब माफिया भी कहा था। गृह मंत्री ने कहा कि चिटफंड कंपनियों के खिलाफ आजादी के बाद से लेकर सबसे बड़ी कार्रवाई पिछले छह माह में की गई।
बंगाल में राष्ट्रपति शासन की मांग: पश्चिम बंगाल में माफिया राज हावी है। वहां ममता बैनर्जी नहीं बल्कि शराब, रेत व कोल माफिया सरकार चला रहे हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी सरकार को रहने का अधिकार नहीं है। वहां राष्ट्रपति शासन लागू होना चाहिए।

संभावना पर आंदोलन करती है टुकड़े गैंग: गृह मंत्री मिश्रा ने कहा कि देश की टुकड़े गैंग संभावनाओं पर आंदोलन करती है। सीएए एनआरसी बिल को लेकर संभावनाओं पर आंदोलन किया गया। क्या आज तक कोई पाकिस्तान गया। इसी प्रकार किसान बिल को लेकर संभावनाओं पर आंदोलन किया जा रहा है कि मंडियां बंद हो जाएंगी। इसके पीछे जो लोग बैठे हैं वो ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे…,भारत की बर्बादी तक जंग हमारी जारी रहेगी, अफजल हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं, तुम कितने अफजल मारोगे हर घर से अफजल निकलेगा कहने वाले।’ पर हम वो लोग हैं जो हर उस घर में घुसकर मारेंगे जिस घर में अफजल निकलेगा।

Check Also

पावरफुल हुए नरोत्तम , सरकार में हुई एंट्री!, बुलाया CM हाउस

🔊 Listen to this Narottam Mishra: पावरफुल हुए नरोत्तम , सरकार में हुई एंट्री!, बुलाया …