♦मिले सबन को अन्न, रैदास रहें प्रसन्न
प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा ने मोदी राज की सराहना करते हुए कहा—समरसता और सामाजिक समानता के संकल्प को साकार कर रही सरकार
शिवपुरी। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली समरसता संकल्प यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, शिवपुरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान यात्रा के उद्देश्य, स्वरूप एवं आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी के विचारों को सामाजिक समरसता, समानता और सर्वकल्याण का प्रेरणास्रोत बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो, सभी को समान सम्मान मिले और प्रत्येक व्यक्ति को भोजन एवं समान अवसर उपलब्ध हों।
उन्होंने गुरु रविदास जी के प्रसिद्ध दोहे—
“ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न।
छोट-बड़ो सब सम बसै, रविदास रहे प्रसन्न॥”
का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दोहा केवल काव्य पंक्तियां नहीं, बल्कि समतामूलक और कल्याणकारी समाज की परिकल्पना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण, खाद्य सुरक्षा, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र इसी भावना को आगे बढ़ाता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गई कि समरसता संकल्प यात्रा 27 नवंबर 2026, शुक्रवार को प्रातः 10 बजे शिवपुरी के राजेश्वरी मंदिर से प्रारंभ होगी। इस यात्रा का शुभारंभ शिवपुरी जिले से किया जा रहा है। यात्रा के संयोजक भाजपा प्रदेश मंत्री माननीय श्री लोकेन्द्र पाराशर जी एवं सह-संयोजक भाजपा जिला महामंत्री श्री योगेंद्र रघुवंशी हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जसवंत जाटव सहित यात्रा के संयोजक श्री लोकेन्द्र पाराशर जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही भाजपा के समस्त जिला एवं मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन भी यात्रा में सहभागी बनेंगे।
श्री धैर्यवर्धन शर्मा ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा का प्रमुख उद्देश्य संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी के समरसता, सामाजिक सद्भाव, समानता और मानव कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को एकता, भाईचारे तथा परस्पर सम्मान के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने सभी सामाजिक बंधुओं एवं नागरिकों से इस संकल्प यात्रा में सहभागी बनकर संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता के संकल्प को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
Manthan News Just another WordPress site