Breaking News

एडीबी में विकासशील देशों की राय को मिले तरजीह : जेटली

वित्तमंत्री अरुण जेटली ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अध्यक्ष ताकेहिको नकाओ से मुलाकात करके एडीबी के कामकाज में विकासशील देशों की राय को तरजीह देने की रविवार को मांग की। एडीबी के संचालन मंडल की 50वीं वार्षिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए तीन दिन की यात्रा पर यहां आए जेटली ने भारत-एडीबी संबंधों पर द्विपक्षीय चर्चा के दौरान नकाओ के सामने यह मांग रखी। 
उन्होंने एडीबी से भारत को सबसे ज्यादा ऋण दिए जाने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एडीबी विकासशील सदस्य देशों को सेवाएं देता है और इसलिए उसे यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसके परिचालन और संसाधन नियोजन में उनकी राय को तरजीह दी जानी चाहिए। इससे पहले जेटली ने जापान के वित्त मंत्री तारो आसो से भी द्विपक्षीय बातचीत की। उन्होंने आसो को मेक इन इंडिया के तहत भारत द्वारा की गई पहलों को रेखांकित किया और जापानी कंपनियों से वहां मेट्रो रेल परियोजनाओं के लिए चल परिसंपत्तियों की विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने का आह्वान किया। 
दोनों नेताओं ने भारत और जापान के बीच बढ़ते सामंजस्य की चर्चा करते हुए द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग और बढ़ने की दिशा में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जतायी। 
नई दिल्ली में क्षेत्रीय केंद्र बनाए एडीबी 
वित्तमंत्री अरुण जेटली ने एडीबी से नई दिल्ली में क्षेत्रीय केंद्र स्थापित करने की मांग की है, ताकि भारत के साथ दक्षिण एशिया के अन्य देशों के लोगों की बढ़ती अपेक्षाओं को पूरा करने और परियोजनाओं को जल्द पूरा करने में आसानी हो। वित्त मंत्री ने 50 साल पूरे करने और एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लोगों की सेवा करने के लिए एशियाई विकास बैंक को शुभकामनाएं दीं। 

Check Also

पावरफुल हुए नरोत्तम , सरकार में हुई एंट्री!, बुलाया CM हाउस

🔊 Listen to this Narottam Mishra: पावरफुल हुए नरोत्तम , सरकार में हुई एंट्री!, बुलाया …