Breaking News

मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा- जिस अधिकारी-कर्मचारी को हटाना है, आपसी सहमति से लिस्ट बनाओ

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की जंबूरी मैदान में सभा की तैयारी को लेकर बैठक का आयोजन किया गया था।
भोपाल। जिन्हें हटाना है उन अधिकारी-कर्मचारी की आपसी सहमति से लिस्ट बना लो.. यह नहीं होना चाहिए कि एक पैरवी करे और एक हटाने की बात करे.. जो होने लायक काम हैं वह तो करेंगे ही.. लेकिन जो काम करने लायक नहीं हैं वह भी हम करेंगे। आप लोग चिंता मत करिए। एक नहीं ऐसे 50 काम करेंगे। यह बात गुरुवार को सहकारिता मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने रोशनपुरा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय की बैठक में कही।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की जंबूरी मैदान में सभा की तैयारी को लेकर बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक में कई पदाधिकारियों ने वरिष्ठ नेताओं व मंत्रियों द्वारा कार्यकर्ताओं को अनदेखा करने की बात बैठक में कही थी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक आरिफ मसूद, जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा, कांग्रेसी पार्षदों व जिला पदाधिकारियों के साथ कई कार्यकर्ता बैठक में मौजूद थे। पदाधिकारियों ने सभा की तैयारी से ज्यादा कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर फोकस किया।
मंत्रियों को ट्रेनिंग देने की जरूरत है
बैठक में सेवा दल के प्रदेश संयोजक योगेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत स्थिति कार्यकर्ताओं के कारण है। नए मंत्रियों को ट्रेनिंग देकर सिखाने की जरूरत है। मंत्रियों को यह पता नहीं है कि अधिकारियों के साथ मीटिंग से पहले 15 सालों से तपस्या कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी चाहिए। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मो. सगीर ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने लंबे समय से पार्टी के लिए लड़ाई लड़ी है। परिवार के बारे में भी नहीं सोचा।
हकीकत यह है कि दो वक्त की रोजी-रोटी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। हम हमेशा पार्टी के साथ हैं। सरकार को हमारे लिए रोजगार की योजना बनानी चाहिए।
पास की व्यवस्था कराई जाए
ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि पहले भी ऐसे कई कार्यक्रम हुए, जहां लोगों को तवज्जो नहीं दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में सिर्फ पास देखकर ही खुश हो जाते हैं। भोपाल से सटे आसपास क्षेत्रों के लोगों के लिए ज्यादा से ज्यादा पास की व्यवस्था कराई जानी चाहिए। बैठकें और संवाद जरूरी है बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं से ही पार्टी है। कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान और उचित स्थान मिलना चाहिए। कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें और निरंतर संवाद भी जरूरी है।
कोलार को निगम सीमा से अलग करने की मांग
बैठक में जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने कोलार को नगर निगम सीमा से अलग करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो भोपाल व कोलार में आगामी चुनावों में कांग्रेस का महापौर होगा। निकाय चुनावों में जीत के लिए यह बेहद जरूरी है। इस संबंध में जल्द नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह से मिलने की बात
कही। साथ ही मंत्री गोविंद सिंह से मांग करते हुए कहा कि परिसीमन की तारीख को आगे बढ़ाई जाए।

Check Also

सहरसा में घर का नक्शा बनवाने के लिए सबसे भरोसेमंद नाम बने Er. Kumar Ashish | Best Civil Engineer & Architect in Saharsa Bihar

🔊 Listen to this सहरसा : आज के समय में हर व्यक्ति चाहता है कि …