Breaking News

फडणवीस के आरोपों पर उद्धव ठाकरे का जवाब: शिवसेना झूठों की पार्टी नहीं, हम जुबान देते हैं तो निभाते भी हैं

महाराष्ट्र की राजनीति में अब भी उथल-पुथल जारी है। महाराष्ट्र में सरकार गठन पर जारी गतिरोध के बीच देवेंद्र फडणवीस ने इस्तीफा दिया और उसके तुरंत बाद शिवसेना पर हमला बोला और उद्धव ठाकरे पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनसे फोन पर बातचीत नहीं की। देवेंद्र फडणवीस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी मीडिया को संबोधित किया और देवेंद्र फडणवीस के आरोपों पर जवाब दिया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पांच साल तक राजनीति की, वह हम पर झूठ बोलने का आरोप लगा रही है। मगर शिवसेना झूठों की पार्टी नहीं है, हम जुबान देते हैं तो निभाते भी हैं। हम जनता के लिए लड़ते हैं। हम किसी भी कीमत पर डिप्टी सीएम पद के लिए तैयार नहीं हैं।

देवेंद्र फडणवीस के आरोपों पर पलटवार करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि मुझे फडणवीसजी से ऐसी उम्मीद नहीं थी कि वे झूठ बोलेंगे। मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि शिवसैनिक अपने बचन के पक्के होते हैं। शिवसेना के लोग कभी झूठ नहीं बोलते। हमारी पार्टी झूठ बोलने वालों की पार्टी नहीं है।

उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पहली बार किसी ने मुझे और ठाकरे परिवार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैंने केयरटेकर मुख्यमंत्री का मीडिया संबोधन देखा और दुख हुआ। उन्होंने एक बार फिर से बीजेपी को समझौता याद दिलाया और कहा कि अमित शाह की उपस्थिति में बराबर की सत्ता साझेदारी पर समझौता हुआ था।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैंने बालासाहेब से वादा किया था कि एक दिन शिवसेना का मुख्यमंत्री होगा और इस वादे को मैं पूरा करूंगा। इस वादे को पूरा करने के लिए मुझे अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस की जरूरत नहीं।

उद्धव ठाकरे ने और क्या-क्या कहा:

-बीजेपी पर निशाना साधते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि मीठी-मीठी बातों से शिवसेना को खत्म करने का प्रयास किया गया।

-उद्धव ठाकरे ने कहा कि बीजेपी ने शिवसेना को झूठा साबित करने की कोशिश, जो कि किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।

-मैंने अपने पिता बालासाहेब को वचन दिया था कि शिवसेना का मैं एक न एक दिन मुख्यमंत्री बनाऊंगा। इसकी जानकारी मैंने अमित शाह को दी। मैंने कहा कि मैंने अपने पिता को ये वादा किया है, चाहे वो आपके साथ पूरा हो या आपके बिना।

-शिवसेना बीजेपी को अपना दुश्मन नहीं मानती, मगर बीजेपी को झूठा दावा नहीं करना चाहिए।

-उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम मुख्यमंत्री पद को लेकर अब भी अडिग हैं।

बता दें कि शिवसेना पर हमला बोलते हुए फडणवीस ने कहा था कि मैंने व्यक्तिगत तौर पर उद्धव ठाकरेजी को कई बार फोन किया, मगर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। फडणवीस ने कहा कि अगर हम शिवसेना के साथ रहते हैं और वे पीएम पर टिप्पणी करना जारी रखते हैं तो ये अस्वीकार्य होगा।

Check Also

पावरफुल हुए नरोत्तम , सरकार में हुई एंट्री!, बुलाया CM हाउस

🔊 Listen to this Narottam Mishra: पावरफुल हुए नरोत्तम , सरकार में हुई एंट्री!, बुलाया …