Breaking News

मंत्री से बोली महिला- राहुल गांधी ने कहा था 10 दिन में होगी कर्ज माफी पर एक साल हो गए, सवाल सुन मंत्री की बोलती बंद

महिला ने शराबबंदी को लेकर भी सवाल उठाए।

बैतूल. मध्यप्रदेश में किसान कर्ज माफी को लेकर कमलनाथ सरकार एक बार फिर मुश्किलों में घिर गई है। इस बार भाजपा ने नहीं बल्कि एक किसान महिला ने सरकार की कर्जमाफी योजना पर सवाल उठाए हैं। दरअसल, मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुखदेव पांसे सोमवार को एक सभा को संबोधित करने के लिए बैतूल पहुंचे थे। इस दौरान एक महिला ने मंच पर पहुंचकर मंत्री से सवाल किया लेकिन मंत्री सुखदेव पांसे उस महिला के सवाल का जबाव नहीं दे पाए। इस दौरान मंच में मौजूद अन्य लोगों ने महिला को मंच से उतरने का कहा तो मंत्री ने रोकते हुए कहा कि उन्हें बोलने दो।

महिला ने कर्जमाफी पर उठाए सवाल
महिला ने मंत्री से कहा- राहुल गांधी ने वादा किया था कि 10 दिनों में किसानों का कर्जमाफ कर दिया जाएगा अगर नहीं माफ होगा तो मुख्यमंत्री बदल दिया जाएगा। इससे साथ ही महिला ने कहा कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा था कि जिस क्षेत्र में 80 फीसदी महिलाएं हस्ताक्षर कर देंगी वहां शराब की दुकान बंद हो जाएगी लेकिन ना किसानों की कर्जमाफी हुई और ना ही शराब की दुकान बंद हुए। महिला ने मंच से पूछा कि बताइए कितने लोगों का कर्जमाफ हुआ। वहां मौजूद ज्यादातर लोगों ने कहा कि कर्जमाफी नहीं हुई।

शराब की दुकान बंद हों
महिला ने कहा कि मैं चाहती हूं कि हमारे गांव में शराब की दुकान बंद होनी चाहिए। महिला ने कहा कि मंत्री जी आप मुझे ये बताइए कि आप मेरे गांव से भट्टी कब उठवा रहे हैं।

राहुल गांधी ने किया था वादा
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हर रैली में वादा किया था कि अगर मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो 10 दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। अगर कांग्रेस का सीएम 10 दिनों में कर्जमाफी नहीं करता है तो हम मुख्यमंत्री बदल देंगे। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सीएम कमलनाथ ने सबसे पहले किसानों की कर्जमाफी के फाइल पर हस्ताक्षर किए थे।

भाजपा लगातार उठा रही है मुद्दा
किसान कर्जमाफी को लेकर भाजपा लगातार कमलनाथ सरकार पर हमला कर रही है। कर्जमाफी के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ शिवराज सिंह चौहान लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

Check Also

मार्च-27 तक खत्म हो जाएंगी आउटसोर्स सेवाएं, अभी निजी एजेंसी से नियुक्तियां

🔊 Listen to this मार्च-27 तक खत्म हो जाएंगी आउटसोर्स सेवाएं, अभी निजी एजेंसी से …