Breaking News

मध्य प्रदेश में चयनित शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ, सरकारी स्कूलों को मिलेंगे 33 हजार शिक्षक

चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति होने के साथ ही प्रदेश भर के हायर सेकंडरी और हाई स्कूल में शिक्षकों के खाली 33 हजार पद भर जाएंगे

भोपाल. मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में लंबे समय से अटकी चयनित शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है. शिक्षकों की नियुक्तियों के साथ ही सरकारी स्कूलों को 33 हजार नए शिक्षक मिलने जा रहे हैं. वहीं, शिक्षकों की कमी से जूझ रहे ग्रामीण इलाकों के स्कूलों के बच्चों को पढ़ाई के लिए शिक्षक मिलेंगे तो 33 हजार चयनित शिक्षकों को दो साल से नियुक्ति का इंतजार भी जल्द खत्म होगा.
वर्ष 2018 में हुई थी शिक्षक पात्रता परीक्षा

वर्ष 2018 में शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में करीब 10 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे. प्रदेश भर के हायर सेकेंडरी और हाई स्कूल में 33 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं. चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति होने के साथ ही प्रदेश भर के हायर सेकंडरी और हाई स्कूल में शिक्षकों के खाली 33 हजार पद भर जाएंगे. स्कूल शिक्षा विभाग ने लिखित परीक्षा की मेरिट लिस्ट जारी करने का निर्देश दिया था. निर्देश के बाद पांच दिन पहले ही एमपी ऑनलाइन चयनित ने शिक्षकों की मेरिट लिस्ट अपलोड कर दी है. शिक्षकों की भर्ती के साथ ना सिर्फ शिक्षकों की कमी पूरी होगी बल्कि ग्रामीण इलाकों में शिक्षा का स्तर भी सुधरेगा.
20 अप्रैल से होनी थी डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू होना थी. लेकिन लॉकडाउन के चलते प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई. चयनित उम्मीदवारों ने अपने डॉक्यूमेंट के साथ जिलों की चॉइस फिलिंग कर एमपी ऑनलाइन को पहले ही भेज दी है. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद से शिक्षकों को प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में नियुक्तियां दी जाएंगी.

हायर सेकेंडरी और हाई स्कूल में शिक्षकों के पद
शिक्षकों के 33 हजार खाली पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी. इसमें हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल वर्ग-1 में शिक्षकों के 19,600 पद, मिडिल स्कूल वर्ग-2 में 5600 पद, आदिम जाति कल्याण विभाग के वर्ग-01 में 2200 और वर्ग-2 के 5600 पद शामिल है. वर्ग-03 की परीक्षा आयोजित होने वाली है.
वर्ष 2011 के बाद 2018 में हुई भर्ती परीक्षा
मध्य प्रदेश में वर्ष 2011-12 में व्यापमं (अब प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड) ने वर्ग-01, वर्ग-02 और वर्ग -03 के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की थी. इस भर्ती के बाद अगले पांच साल तक कोई भी परीक्षा आयोजित नहीं की गई थी. लंबे समय तक शिक्षकों की भर्ती के लिए इंतजार करना पड़ा था. लंबे इंतजार के बाद वर्ष 2018 में शिक्षक भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी किया गया था. दो साल बाद अब नियुक्तियों का इंतजार है.

Check Also

वर्ष 2026 में 238 दिन खुले रहेंगे सरकारी कार्यालय, 127 दिन बंद

🔊 Listen to this वर्ष 2026 में 238 दिन खुले रहेंगे सरकारी कार्यालय, 127 दिन …