Breaking News

कमला नेहरू अस्पताल में आग के बाद सरकार ने चलाया चाबुक, पद से हटाए गए डीन और अधीक्षक

भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल में आग लगने की घटना के बाद सरकार ने तीन अधिकारियों को पद से हटा दिया है। गांधी मेडिकल कॉलेज के डीन, हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक और गैस राहत विभाग के संचालक को उनके पदों से हटा दिया गया है। सीपीए विद्युत विंग के उपयंत्री को सस्पेंड भी किया गया है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के  कमला नेहरू अस्पताल में आग  लगने की घटना के दो दिन बाद सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। गांधी मेडिकल कॉलेज के डीन जीतेंद्र शुक्ल और हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ लोकेंद्र दवे को उनके पद से हटा दिया गया है। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद गैस राहत विभाग के संचालक के के दुबे को भी हटा दिया है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में सीपीए विद्युत विंग के उपयंत्री अवधेश भदौरिया को सस्पेंड किया गया है।

बुधवार को हुई बैठक में लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री प्रभुराम चौधरी, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, भोपाल के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह, मुख्य सचिव सहित शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। मीटिंग की शुरुआत में ही सीएम ने अधिकारियों से कहा कि उन्होंने जांच के निर्देश दिए थे, उसके तथ्य दीजिए। मीटिंग के ठीक बाद चारों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

सोमवार रात को कमला नेहरू अस्पताल के पीडियाट्रिक वॉर्ड में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी थी, जिसमें चार बच्चों की झुलसकर मौत हो गई। आग पर करीब तीन घंटे बाद काबू पाया जा सका। जानकारी के मुताबिक पिछले कई महीनों से अस्पताल मकी फायर सेफ्टी ऑडिट नहीं हुई और न ही एनओसी लिया गया था।

सभी अस्पतालों का होगा ऑडिट
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा जो बच्चे अस्पताल में थे वह हमारे संरक्षण में थे. उनकी जान बचाना हमारी जिम्मेदारी थी. यह गंभीर घटना है. सीएम ने निर्देश दिए हैं कि सभी शासकीय और गैर शासकीय अस्पतालों का तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए. हमें वह सभी उपाय करने होंगे जिससे ऐसी घटना का दोहराव ना हो

Check Also

वर्ष 2026 में 238 दिन खुले रहेंगे सरकारी कार्यालय, 127 दिन बंद

🔊 Listen to this वर्ष 2026 में 238 दिन खुले रहेंगे सरकारी कार्यालय, 127 दिन …