गुना-शिवपुरी-अशोकनगर सांसद डॉक्टर के पी यादव ने आज अशोक नगर स्थित श्री राज राजेश्वर महादेव मंदिर पर पूजा अर्चना कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना करते हुए सांसद शक्ति केंद्र संवाद यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद डॉक्टर के पी यादव ने श्री हजारेश्वर महादेव मंदिर पर जलाभिषेक किया,उसके बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अशोक नगर विधानसभा की सुशीला बाई धर्मशाला,अग्रवाल पैलेस,मधुबन गार्डन पर आयोजित शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ता व नागरिकों के साथ बैठक कर उनसे संवाद किया। इस अवसर पर सांसद डॉक्टर के पी यादव ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं जो विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं,हमारी पार्टी में व्यक्तिवाद को कोई स्थान नहीं है हमारी पार्टी राष्ट्रहित के लिए कार्य करती है। भाजपा सरकार समाज के हर तबके के लिए न केवल योजना बनाती है बल्कि पारदर्शिता पूर्ण योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन भी करती है। इसके लिए हम सभी संगठन के कार्यकर्ताओं का उत्तर दायित्व बनता है कि सरकार की योजनाएं जरूरतमंद तक आवश्यक रूप से पहुंचे। जिससे कि समाज में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के जीवन स्तर में समानता आये।
इस अवसर पर सांसद श्री यादव ने शक्ति केंद्र व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी। सांसद डॉक्टर के पी यादव ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से भेंट करना, शासन की योजनाओं का प्रचार प्रसार जन जन तक करना है। उन्होंने कहा कि बूथ के कार्यकर्ता हमारे अति महत्वपूर्ण कार्यकर्ता होते हैं,जो अथक परिश्रम कर पार्टी के प्रत्याशी को विजय प्रदान कराते हैं। भाजपा में सभी कार्यकर्ता समान होते हैं पार्टी जिस को जो उत्तरदायित्व देती है वह कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा के साथ उत्तर दायित्व को निभाता है।
Manthan News Just another WordPress site