शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक के साले द्वारा एक लड़की को भगाकर ले जाने की कीमत उसके पूरे परिवार को चुकानी पड़ी, जिसमें युवक के पिता की जान तक चली गई।
घटना 16 मई की बताई जा रही है, जब राहुल नामक युवक, जो कि पीड़ित परिवार के बेटे का साला बताया जा रहा है, मोहनपुर गांव की एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया। लड़की के परिजन इस घटना से आगबबूला हो उठे और उन्होंने सीधे राहुल के ससुराल पक्ष को निशाने पर ले लिया।
लड़की के परिवार वालों ने राहुल के ससुर जामसिंह पटेलिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके घर पर धावा बोल दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर जामसिंह को बुरी तरह पीट डाला। गंभीर रूप से घायल जामसिंह को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस हिंसक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, लड़की और राहुल की तलाश जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, यह मामला सिर्फ एक प्रेम प्रसंग का नहीं, बल्कि गहरे पारिवारिक टकराव का रूप ले चुका है, जिसने एक बुजुर्ग की जान ले ली। पुलिस अब इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।
Manthan News Just another WordPress site