भोपाल। मध्य प्रदेश की छह बिजली कंपनियों में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत होने जा रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, भोपाल ने कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल व सिविल), विधि सहायक, कार्यालय सहायक श्रेणी-3 और लाइन परिचारक पदों पर नियुक्ति के लिए चयनित 546 उम्मीदवारों की प्रोविजनल सूची जारी कर दी है।
जारी जानकारी के अनुसार, इन आवेदकों का दस्तावेज़ सत्यापन 23 से 25 जून तक गोविंदपुरा स्थित पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रेनिंग सेंटर में किया जाएगा। इसमें कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 63, जेई (सिविल) के 5, विधि सहायक के 21 और कार्यालय सहायक श्रेणी-3 के 309 उम्मीदवार शामिल हैं।
वहीं लाइन परिचारक पद के लिए चयनित 148 उम्मीदवारों का शारीरिक दक्षता परीक्षण 26 जून को होगा। यह टेस्ट भोपाल, शिवपुरी, नर्मदापुरम और ग्वालियर स्थित महाप्रबंधक कार्यालयों में आयोजित किया जाएगा। इन उम्मीदवारों को दस्तावेज़ सत्यापन और फिजिकल टेस्ट की व्यक्तिगत सूचना भी भेजी जा चुकी है।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि प्रोविजनल सूची और सभी आवश्यक तारीखों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट portal.mpcz.in पर उपलब्ध है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे दस्तावेजों की तैयारी पूरी कर निर्धारित तिथि को समय पर संबंधित केंद्र में उपस्थित हों। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्रदेश में बिजली कंपनियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर भी मिल रहा है।
Manthan News Just another WordPress site