शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र के महलसराय गांव में एक युवक पर उसकी बहनों ने घरेलू विवाद के दौरान हमला कर दिया। घटना रविवार को उस समय हुई जब युवक ने अपनी बहनों और भाभी के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश की।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवराज आदिवासी नामक युवक बाजार से लौटकर घर आया था। इस दौरान उसकी बुआ की बेटियां सरोज और शीला, उसकी भाभी से किसी बात को लेकर झगड़ रही थीं। शिवराज ने जब विवाद को शांत कराने की कोशिश की तो स्थिति और बिगड़ गई।
इसी दौरान बहनों में से शीला ने शिवराज को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद सरोज ने पास में रखी मसाला पीसने की सिल उठाकर शिवराज के सिर पर मार दी। हमले से शिवराज के सिर से खून बहने लगा।
घटना के बाद घायल शिवराज अपनी भाभी के साथ देहात थाना पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सरोज और शीला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपित बहनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है।
Manthan News Just another WordPress site