Breaking News

रेफर पर्चे की चूक से अटका घायल का इलाज, दो दिन से एक्सरे के लिए भटक रहा युवक



शिवपुरी जिला अस्पताल की लापरवाही से हादसे का शिकार युवक परेशान

शिवपुरी। जिला अस्पताल में एक मामूली गलती ने घायल युवक का इलाज दो दिन से रोक रखा है। भौंती क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी 25 वर्षीय बालकिशन लोधी बाइक हादसे में घायल हो गया था। शनिवार को अपने दोस्त अमोल पाल के साथ शिवपुरी से गांव लौटते वक्त सलैया के पास बाइक फिसल गई और बालकिशन के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई।

घटना के बाद उसे सिरसौद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन पर्चा लिखने वाली नर्स ने गलती से दाहिने पैर की जगह बाएं पैर में चोट लिख दी।

जिला अस्पताल पहुंचने पर जब एक्सरे टेक्नीशियन ने पर्चे के अनुसार बाएं पैर का एक्सरे करने की बात कही, तो बालकिशन ने बताया कि चोट दाहिने पैर में है। इस पर टेक्नीशियन ने साफ कहा कि जब तक पर्चा ठीक नहीं होगा, एक्सरे नहीं किया जा सकता और उसे सिरसौद वापस जाकर पर्चा सुधरवाने को कहा गया।

इस लापरवाही के चलते बालकिशन दो दिन से इलाज के लिए अस्पताल में भटक रहा है।

इस संबंध में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव का कहना है कि एक्सीडेंटल केस एमएलसी के अंतर्गत आते हैं, इसलिए पर्चे में सुधार उसी केंद्र से हो सकता है, जहां से यह जारी हुआ। वहीं सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिस्वर ने कहा कि ऐसी गलती दोबारा न हो इसके लिए निर्देश दिए जाएंगे और जरूरत पड़ी तो दस्तावेजों में सुधार जिला अस्पताल में ही करवाकर इलाज किया जाएगा।

Check Also

मडीखेडा डेम आधारित जलप्रदाय व्यवस्था 28 दिसम्बर तक बाधित रहेगी  

🔊 Listen to this मडीखेडा डेम आधारित जलप्रदाय व्यवस्था 28 दिसम्बर तक बाधित रहेगी   …