
पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ सरकार को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि संबल योजना को लेकर कांग्रेस की नीयत में खोट है। संबल योजना कांग्रेस ने बंद की तो सरकार चलना मुश्किल कर दूंगा। चौहान गुरुवार को भोपाल के भीम नगर में जनसभा में बोल रहे थे। इस दौरान पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता भी मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने जनता की सेवा का संकल्प लिया है और करती रहेगी। तरीका जरूर बदला है, पहले कलम की ताकत से काम होता था, लेकिन अब लड़-लड़कर काम करेंगे। मेरा भांजे-भांजियों से आपसी रिश्ता है। इनके जीवन में कोई कष्ट नहीं होने दूंगा। मैंने फैसला किया कि जोड़-तोड़ की सरकार नहीं बनाएंगे। कांग्रेस अभी पोस्टिंग, ट्रांसफर में लगी है। कांग्रेस में सवाल मुख्यमंत्री से पूछने पर जवाब कोई और देता है। गरीबों के कल्याण की कई योजनाएं जो भाजपा ने बनाई थीं, उनमें यह कांग्रेस सरकार बेईमानी कर रही है। लाड़ली लक्ष्मी, कन्या-विवाह योजना, तीर्थ-दर्शन योजना के लिए फंड नहीं दे रहे है। अभी फसलों पर पड़ा पाला देखने के लिए मुख्यमंत्री या मंत्री कोई भी खेतों में नहीं पहुंचा।
उन्होंने कहा कि 2022 तक भाजपा ने संकल्प किया था कि सबका पक्का मकान होना चाहिए। भीमनगर से आप कहीं नहीं जाएंगे। वल्लभ भवन के सामने छाती पर ही मकान बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुन लो कमलनाथ महाराज 2022 तक सब गरीबों को पक्का मकान चाहिए, नहीं बनाए तो सरकार का घेराव कर देंगे।
कहा- भाजपा द्वारा बनाई गईं योजनाओं में बेइमानी कर रही कांग्रेस सरकार