नगर पालिका का बड़ा कदम: 24 हजार लीटर के ‘महा-टैंकरों’ से भरेगा फिजिकल सम्पवेल, दूर होगी पानी की किल्लत
शिवपुरी | भीषण गर्मी के बीच शहर में गहराते जल संकट को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने अब बड़े और कड़े कदम उठाना शुरू कर दिए हैं। शहरवासियों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका ने अब 24,000 लीटर की विशाल क्षमता वाले टैंकरों को जल प्रदाय व्यवस्था से जोड़ा है। इन महा-टैंकरों के जरिए शहर के फिजिकल सम्पवेल को भरने का काम शुरू कर दिया गया है, जिससे शहर के एक बड़े हिस्से में पेयजल की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रेशर की समस्या होगी हल
मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) इशांक धाकड़ ने बताया कि छोटे टैंकरों की तुलना में विशाल टैंकरों से सम्पवेल को तेजी से भरा जा सकेगा। इससे पाइपलाइन में पानी का प्रेशर (दबाव) बढ़ेगा। अक्सर शिकायत आती थी कि पाइपलाइन के अंतिम छोर पर स्थित घरों तक पानी नहीं पहुँच पा रहा है, लेकिन अब सम्पवेल के पूरी क्षमता से भरने के कारण हर घर तक पर्याप्त पानी पहुँच सकेगा।
24 घंटे तैनात रहेगी टीम
नगर पालिका प्रशासन ने जल वितरण की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम और टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा है। सीएमओ ने स्पष्ट किया है कि जहाँ भी पानी की किल्लत की सूचना मिलेगी, वहां त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने शहर के नागरिकों से अपील की है कि संकट की इस घड़ी में पानी का अपव्यय रोकें और प्रशासन का सहयोग करें।
जनता से अपील
नगर पालिका ने आग्रह किया है कि नागरिक पेयजल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही करें। पाइपलाइन से सीधे मोटर लगाकर पानी खींचने या पानी बर्बाद करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।
Manthan News Just another WordPress site