भोपाल। मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव का एग्जिट पोल जारी कर दिया गया है। आज तक चैनल की ओर से जारी एग्जिट पोल में भाजपा को 16 से 18 और कांग्रेस को 10 से 12 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। 28 सीटोंं के उपचुनाव में भाजपा को 46 और कांग्रेस को 43 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के बाद अब कुछ ही देर में विभिन्न एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में सत्ता के लिहाज से इन 28 सीटों पर उपचुनाव काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इनसे ही राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार और कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ का राजनीतिक भविष्य तय होगा।
मध्य प्रदेश में ग्वालियर, डबरा, बमोरी, सुरखी, सांची, सांवेर, सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह, मेहगांव, गोहद, ग्वालियर पूर्व, भांडेर,करैरा, पोहरी, अशोकनगर, मुंगावली, अनूपपुर, हाटपिपल्या, बदनावर, सुवासरा, बड़ा मलहरा, नेपानगर, मांधाता, जौरा, आगर और ब्यावरा सीट के लिए उपचुनाव कराए गए हैं।
इन सीटों के लिए तीन नवंबर को मतदान कराया गया था, जबकि वोटों की गिनती 10 नवंबर को की जाएगी। मतदान के दिन से ही दोनों दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं। ग्वालियर-चंबल अंचल की एक दर्जन से अधिक सीटों को इन चुनावों में काफी अहम माना जा रहा है।
हमने पहले ही कहा था शानदार सफलता मिलेगी – शिवराज
एग्जिट पोल जारी होने के बाद अपनी प्रतिेक्रिया देते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने पहले ही कहा था शानदार सफलता प्राप्त करेंगे। कांग्रेस और कमल नाथ बौखला रहे हैं। पहले से ही हार की भूमिका बना रहे हैं। जोड़-तोड़ करने का आरोप लगा रहे हैं। भाजपा तो किसी के पास गई नहीं थी । कांग्रेस के मित्र ही भाजपा के पास आए थे । अब हार को स्वीकार करें।
हमें जनता के पोल पर विश्वास- सलूजा
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की ओर से एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया नहीं दी गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें जनता के पोल पर विश्वास है। हम एग्जिट पोल के नतीजों को नहीं मानते। दस नवंबर को नतीजे आने दीजिये, कांग्रेस 28 में से 28 सीटें जीत रही है।
Manthan News Just another WordPress site